सोलर कंपनी कार्यालय में चार पर तेजाब फेंकने वाला एक आरोपी गिरफ्तार

सोलर कंपनी कार्यालय में चार पर तेजाब फेंकने वाला एक आरोपी गिरफ्तार
सोलर कंपनी कार्यालय में चार पर तेजाब फेंकने वाला एक आरोपी गिरफ्तार

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: रामा डिग्री कालेज रोड स्थित एल्डिको के पास मेधा सोलर कंपनी के कार्यालय में घुसकर चार लोगों पर तेजाब फेंकने वाले एक आरोपी को चिनहट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अतहर रजा भदोही के थाना कोतवाली स्थित ग्राम जलालपुर का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस साजिशकर्ता समेत चार की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपी अतहर रजा को जेल भेज दिया है।

इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि ने बताया कि 14 जुलाई को अयोध्या कैंट निवासी ऋषभ सिंह ने चिनहट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि वे अपने कार्यालय में कर्मचारी प्रियंका मिश्रा, जौनपुर व गुरुग्राम से आए शुभम पांडे और ऋषभ पांडे के साथ बैठक कर रहे थे। इसी दौरान मुंह बांधे एक युवक कार्यालय में पहुंचा और तेजाब फेंक दिया। छींटे गिरने से चारों झुलस गए थे। घटना को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस व थाना पुलिस की चार टीमें बनायी गयी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में थार गाड़ी कैद मिली। सुराग मिलने पर पुलिस की एक टीम भदोही रवाना की गयी। जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर भदोही जिले के काजीपुर के पास से आरोपी अतहर रजा को गिरफ्तार कर लिया।

दोस्त एहसान के कहने पर की थी वारदात

पूछताछ में आरोपी अतहर रजा ने पुलिस को बताया कि उसने एहसान के कहने पर अपने साथियों साजिद, अरहम और थार वाहन चालक तालिब के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने आपराधिक साजिश की धारा बढ़ा दी है। छानबीन में पता चला कि मुख्य आरोपी एहसान के प्रेम संबंध एक महिला से थे। कुछ समय से महिला के संबंध दूसरे से हो गए थे। इसी खुन्नस में आरोपी ने सबक सिखाने के लिए साथियों संग एसिड अटैक की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस की तीन टीमें मुख्य साजिशकर्ता एहसान, साजिद, अरहम और तालिब की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एहसान के हाथ आने के बाद और जानकारियां साफ होंगी।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *