हरदोई में पति ने की सिलबट्टे से पत्नी की हत्या, वारदात के बाद फरार; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

हरदोई में पति ने की सिलबट्टे से पत्नी की हत्या, वारदात के बाद फरार; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
हरदोई में पति ने की सिलबट्टे से पत्नी की हत्या, वारदात के बाद फरार; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

हरदोई। जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी दायमपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे की हालत में घर पहुंचे पति ने विवाद के दौरान सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

सूचना मिलने पर पुलिस, क्षेत्राधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

रोजाना होता था पतिपत्नी के बीच विवाद

पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव निवासी कुंज बिहारी दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसकी शादी वर्ष 2017 में लखनऊ में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में मोनी से हुई थी। दंपति का एक बेटा युवराज है।

परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पति अक्सर नशे की हालत में घर लौटता था और पत्नी के साथ गालीगलौज व मारपीट करता था। बताया गया कि बेटे पर पारिवारिक माहौल का असर न पड़े, इसलिए उसे रिश्तेदार के साथ दिल्ली भेज दिया गया था।

घरेलू विवाद के दौरान हत्या का आरोप

शुक्रवार देर शाम आरोपी पति कथित तौर पर नशे की हालत में घर पहुंचा। उस समय उसकी पत्नी खाना बना रही थी। आरोप है कि दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। इसके बाद आरोपी ने सिलबट्टे से महिला के सिर पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना पर एसएचओ कासिमपुर घनश्याम राम, सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस बोली आरोपी की तलाश जारी

सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *