
हरदोई: जिले के पिहानी रोड पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां बाइक सवार युवक की मौत हो गई। आपको बता दें कि घर लौटते समय तेज रफ्तार की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और खाई में जा गिरा।
घर लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हरियावां थाना क्षेत्र के बिल्हरी मजरा मंसूरनगर निवासी 35 वर्षीय अजीत सिंह, पुत्र सत्येंद्र सिंह, खेतीबाड़ी का काम पूरा करते थे। वह गुरुवार को किसी काम से हरदोई शहर आए थे और देर रात बाइक से अकेले अपने गांव लौट रहे थे।
जब वह पिहानी रोड स्थित उतरा तिराहे के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक से नियंत्रण खोने के बाद सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वह सड़क किनारे खाई में जा गिरे।
पिकेट ड्यूटी पुलिस ने पहुंचाई अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद वहां तैनात पिकेट ड्यूटी पुलिस ने स्थिति संभाली और एंबुलेंस बुलाकर घायल अजीत सिंह को मेडिकल कॉलेज भेजा। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अजीत सिंह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है।