हाथरस में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कार पलटी, तीन की मौत; ढाई साल के बच्चे समेत चार घायल

हाथरस में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कार पलटी, तीन की मौत; ढाई साल के बच्चे समेत चार घायल

हाथरस उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि ढाई साल के बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एटा हाईवे पर सिकंदरा राव से करीब छह किलोमीटर आगे गांव उमरावपुर के पास हुआ। सूचना मिलते ही हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची और राहतबचाव कार्य शुरू कराया।

जानकारी के मुताबिक, नोएडा से बांगरमऊ जा रही कार रात करीब 2:30 बजे उमरावपुर के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे लगे इंडिकेटर बोर्ड को तोड़ते हुए पुलिया की साइड में जाकर पलट गई। हादसे के समय कार में बच्चे समेत कुल सात लोग सवार थे।

तीन लोगों की मौके पर मौत, चार घायल

दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग उसमें फंस गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को सीधा कराया और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रात में ही बागला सिविल अस्पताल, हाथरस रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान कार चालक राम जी पुत्र संजय पाल उर्फ पप्पू, अवधेश पुत्र नामालूम और जगतपाल पुत्र पुत्तीलाल के रूप में हुई है। राम जी बांगरमऊ, हरदोई के निवासी थे। अवधेश आलापुर, मुरादाबाद और 50 वर्षीय जगतपाल बांगरमऊ, हरदोई के निवासी बताए गए हैं।

घायलों में गोल्डी , राजीव , नकश और माया शामिल हैं। ये सभी बांगरमऊ, हरदोई के निवासी बताए गए हैं।

गमी में शामिल होने जा रहे थे सभी लोग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग नोएडा से बांगरमऊ में किसी गमी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एटा हाईवे पर यह भीषण दुर्घटना हो गई। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे की परिस्थितियों और कार के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *