Quick Samachar: देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Bajaj Auto साइबर हमले का शिकार हो गई है. कंपनी ने मंगलवार को जानकारी दी कि उसके सिस्टम और उसकी सहायक कंपनी Bajaj Auto Technology Ltd के कुछ सिस्टम Ransomware Attack से प्रभावित हुए हैं.

कंपनी के अनुसार यह साइबर हमला 23 जून की सुबह करीब 8 बजे हुआ. जैसे ही कंपनी को इस घटना की जानकारी मिली, तकनीकी टीम, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. कंपनी ने हमले के असर को सीमित करने और संभावित नुकसान को रोकने के लिए कई सुरक्षा कदम उठाए.
क्या हुआ असर?
Bajaj Auto ने अपने नियामकीय फाइलिंग में बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर उठाए गए कदम सफल रहे हैं और हमले के प्रभाव को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया है. हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि हमले से कितनी सेवाएं प्रभावित हुईं, किसी ग्राहक या कंपनी का डेटा चोरी हुआ या नहीं और उत्पादन या व्यापारिक गतिविधियों पर इसका कोई असर पड़ा या नहीं.
क्या होता है Ransomware Attack?
Ransomware एक प्रकार का साइबर हमला होता है, जिसमें हैकर किसी कंपनी या व्यक्ति के कंप्यूटर सिस्टम में घुसकर डेटा को लॉक या एन्क्रिप्ट कर देते हैं. इसके बाद डेटा वापस देने के बदले फिरौती मांगी जाती है. हाल के वर्षों में दुनिया भर की कई बड़ी कंपनियां इस तरह के हमलों का शिकार हो चुकी हैं.
💬 Comments (0)
Leave a Comment