Quick Samachar: सलमान खान के शादी न करने की चर्चा अक्सर होती रहती है। लोग उनकी शादी को लेकर तरहतरह के कयास लगाते हैं। लेकिन बॉलीवुड में एक ऐसी अभिनेत्री भी हैं, जिन्होंने पूरे 60 साल तक शादी नहीं की। वजह यह नहीं थी कि उन्हें रिश्तों की कमी थी, बल्कि वह सही जीवनसाथी का इंतजार कर रही थीं। यह अभिनेत्री हैं ‘सुहासिनी मुले’, जिन्हें ‘लगान’ और ‘जोधा अकबर’ जैसी फिल्मों में उनके शानदार अभिनय के लिए जाना जाता है।

सुहासिनी ने 60 साल की उम्र तक अकेले जीवन बिताया और जब उन्हें अपना पसंदीदा साथी मिला, तो उन्होंने उससे मिलने के महज 75 दिनों के भीतर शादी कर ली। दिलचस्प बात यह है कि सुहासिनी और उनके पति की मुलाकात इंटरनेट के जरिए हुई थी। दोनों ने एकदूसरे को समझा और महसूस किया कि वे साथ जीवन बिता सकते हैं। इसके बाद उन्होंने बिना ज्यादा इंतजार किए शादी करने का फैसला कर लिया।

60 साल की उम्र तक नहीं मिला सही साथी: सुहासिनी

‘सुहाना सफर’ से बात करते हुए सुहासिनी ने अपने अनोखे सफर के बारे में बताया। उन्होंने कहा, “मैंने 60 साल की उम्र में पहली बार शादी की। तब तक मुझे सही साथी नहीं मिला था। मेरे पति एक बहुत जानेमाने वैज्ञानिक हैं। जब वे विज्ञान के बारे में बात करते हैं, तो मुझे कुछ समझ नहीं आता, लेकिन वे एक बहुत अच्छे इंसान हैं।”

साइंटिस्ट अतुल गुर्टू से उनकी मुलाकात की कहानी इतनी मॉडर्न है कि सच नहीं लगती। एक्टर सुलेखा तलवलकर के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए सुहासिनी ने बताया कि उन्होंने फेसबुक तब जॉइन किया था जब एक कोस्टार ने कहा कि इससे उन्हें काम के मौके मिल सकते हैं। एक दिन प्लेटफॉर्म ब्राउज करते हुए, उन्होंने एक प्रोफाइल रिकमेंडेशन देखा जिसने उनका ध्यान खींचा।

इसके बारे में उन्होंने कहा, “मैंने अतुल का प्रोफाइल देखा और सोचा कि क्या फिजिक्स के साइंटिस्ट भी फेसबुक पर होते हैं। वह लार्ज हैड्रॉन कोलाइडर पर काम कर रहे थे। चूंकि मुझे हमेशा से साइंस में दिलचस्पी रही है, इसलिए मैंने उन्हें मैसेज करके पूछा कि LHC क्या है। उनके जवाब से बातचीत शुरू हुई जिसने आगे चलकर दोनों की जिंदगी बदल दी। ईमेल के आदानप्रदान के दौरान, अतुल ने बातोंबातों में कहा कि वह जीवनसाथी की तलाश में हैं।

हालांकि, उन्होंने कभी सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा, लेकिन इशारा जरूर किया। जब मुझे एहसास हुआ कि वह किसी की तलाश में हैं, तो मैं मन ही मन हंसी। मैंने सोचा कि जब मुझे 60 सालों में सही इंसान नहीं मिला, तो अब अचानक कैसे मिल जाएगा।”

फिर सुहासिनी ने दोस्त से की बात

इसके बाद क्या करें, यह तय न कर पाने पर सुहासिनी ने सलाह के लिए एक दोस्त से बात की। अभिनेत्री ने कहा, “उसने मुझसे कहा कि इस उम्र में विकल्प कम ही होते हैं। दरवाजा खोलने से पहले ही उसे बंद न करें। अगर वह आपको पसंद नहीं आता, तो आप हमेशा आगे बढ़ सकती हैं। कोशिश करने में कोई बुराई नहीं है।”

फिर भी सावधानी बरतते हुए, उन्होंने तुरंत अपना फोन नंबर देने से मना कर दिया। उन्होंने कहा, “जब अतुल ने मेरा नंबर मांगा, तो मैंने उससे कहा कि अच्छी लड़कियां अजनबियों को अपना फोन नंबर नहीं देतीं। इंटरनेट पर बात यह नहीं है कि आप किससे मिलते हैं। बल्कि यह है कि आप क्या पाते हैं। लोग हर समय फेक प्रोफाइल बनाते रहते हैं।”

अपनी सुरक्षा और भरोसे के लिए सुहासिनी ने पहले अतुल की पहचान की पूरी जांचपड़ताल की। उन्होंने फेसबुक पर लगी उनकी तस्वीर को उस संस्था की जानकारी से मिलाया, जहां वह काम करते थे। जब सारी बातें सही निकलीं, तो उनका भरोसा बढ़ा। इसके बाद उनकी एक बचपन की दोस्त ने उन्हें आगे बढ़ने की हिम्मत दी। दोस्त ने हंसते हुए कहा, “तुमने पूरी जिंदगी बिना डरे अकेले गुजारी है, तो अब तुम्हें क्या रोक रहा है?”

इसी बीच अतुल ने उन्हें एक ईमेल भेजा, जिसकी बात सुहासिनी के दिल को छू गई। उन्होंने लिखा था, “अगर आप अपनी जिंदगी में बदलाव लाना चाहती हैं, तो उसके लिए आपको खुद कदम उठाने होंगे।” तब तक सुहासिनी भी इस रिश्ते को एक मौका देने का मन बना चुकी थीं। दोनों की बातचीत जुलाई में शुरू हुई थी। हालांकि, अतुल उनसे पहले मिलना चाहते थे, लेकिन व्यस्तताओं की वजह से उनकी पहली मुलाकात दिवाली के अगले दिन हो पाई।

दिलचस्प बात यह है कि उस मुलाकात में सुहासिनी जानबूझकर थोड़ी देर से पहुंची थीं। इसके बारे में अभिनेत्री ने कहा, “मैं यह पक्का करना चाहती थी कि अतुल असल में वैसे ही दिखें जैसे तस्वीरों में दिख रहे थे, ताकि उनसे मिलने से पहले ही मुझे पता हो। उनकी मुलाकात बहुत अच्छी रही।

सुहासिनी ने बनाई थी खास लिस्ट

एक बार एबीपी से बात करते हुए सुहासिनी ने बताया कि अतुल से मिलने से पहले उन्होंने उन खूबियों की एक लिस्ट बनाई थी जिन पर वह कोई समझौता नहीं करेंगी। सबसे बड़ी जरूरत बराबरी की थी। अभिनेत्री ने कहा, “मैं इतने लंबे समय तक अविवाहित रही क्योंकि मुझे ऐसा कोई पुरुष नहीं मिला जो समानता में विश्वास करता हो।”

वह ऐसा साथी चाहती थीं जो बहुत ज्यादा धार्मिक न हो, दूसरों को जज न करता हो या अलग जीवनशैली वाले लोगों को कमतर न समझता हो। सुहासिनी ने कहा कि मैं बिना किसी जजमेंट के साथ रहना चाहती थी। अतुल इन सभी शर्तों पर खरे उतरे।

सुहासिनी ने की 75 दिनों के अंदर शादी

अभिनेत्री ने बताया कि पहली मुलाकात के बाद चीजें तेजी से आगे बढ़ीं। हम नवंबर के आखिर में मिले और बातचीत की। 16 जनवरी तक हमारी शादी हो गई। एक बार फैसला लेने के बाद इंतजार करने का कोई मतलब नहीं था। सबसे बड़ा सरप्राइज तब मिला जब उन्होंने अपनी मां को यह बात बताई।

एक्ट्रेस ने कहा, “मैंने अपनी मां को फोन किया और कहा कि मैं एक आदमी से मिली हूं। उन्हें यकीन ही नहीं हुआ। उन्होंने दोबारा फोन करके पक्का किया कि उन्होंने जो सुना है, वह सही है या नहीं। फिर उनकी मां अतुल से पुणे में उनके एक लेक्चर के दौरान मिलीं। उनसे बात करने के बाद उन्होंने अपनी बेटी से कहा कि तुम्हें एक समझदार आदमी मिला है।”

उन्हें सबसे ज्यादा अतुल का एक सवाल का जवाब पसंद आया कि जिंदगी में इतनी देर से शादी क्यों? उन्होंने कहा कि सुहासिनी पूरी जिंदगी अकेली रही हैं और आगे भी रह सकती हैं। मैं भी अकेले रह सकता हूं, लेकिन मैं खुशी को एक मौका देना चाहता हूं। अगर बात नहीं बनी, तो हम बस मान लेंगे कि हमसे गलती हो गई। सुहासिनी की मां के लिए उस जवाब में सब कुछ साफ हो गया था।

जब रजिस्टर ने दिया ऐसा रिएक्शन

शादी रजिस्टर करवाने के दौरान जो वाकया हुआ, उसके बारे में अभिनेत्री ने बताया कि जब हम अपनी शादी रजिस्टर करवाने गए, तो अधिकारी को लगा कि मैं पुराना मैरिज सर्टिफिकेट लेने आई हूं। फिर जब उन्होंने साफ किया कि वह शादी रजिस्टर करवाने आई हैं, तो अधिकारी ने जोड़े की ओर देखा और पूछा कि आप ​​और अंकल। हम बहुत हंसे।”