
बाराबंकी, अमृत विचार। मिशन 2027 फतेह की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जिले की सभी विधानसभाओं में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित कर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव में ऐतिहासिक जीत का लक्ष्य तय किया।
कार्यक्रमों की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। रामनगर विधानसभा के बिंदौरा में आयोजित सम्मेलन को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना मिश्रा ने संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी चुनाव की जीत की नींव बूथ स्तर पर रखी जाती है। उन्होंने बूथ संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी ने बूथ अध्यक्षों को ‘प्रधान सेनापति’ बताते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। कुर्सी विधानसभा के मुंडा गोपाल आश्रम में एमएलसी मुकेश शर्मा ने बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताते हुए सक्रियता से काम करने का आह्वान किया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। दरियाबाद विधानसभा के रामसनेही घाट स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि रामदेव पाल ने मजबूत संगठन को भाजपा की ताकत बताया।
खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने बूथ कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ करार दिया। हैदरगढ़ के सम्मेलन में भाजपा प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह ने कहा कि हर चुनाव में सफलता का आधार मजबूत बूथ होता है। जैदपुर विधानसभा के सफदरगंज मंडी परिषद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आरबी सिंह ने बूथ समितियों को सक्रिय करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
2719 बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में रहे मौजूद
जिला अध्यक्ष रामसिंह वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर कमल खिलाने का संकल्प दोहराया। जिले में कुल 2847 बूथों के सापेक्ष 2719 बूथ अध्यक्षों ने सम्मेलन में उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, विधायक दिनेश रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, अमरीश रावत, डॉ. राम कुमारी मौर्य, जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई, पवन सिंह रिंकू, ब्रजेश रावत, अरविंद मौर्य, गुरुशरण लोधी, संदीप गुप्ता, रचना श्रीवास्तव, मुलायम सिंह यादव, रजनीश वर्मा, मनीष परिहार, कृष्ण कुमार सिंह मुन्नू, सुशील कुमार जायसवाल, शील रत्न मिहिर, जंग बहादुर पटेल, सरोज रावत, उर्मिला रावत, अंशु वर्मा सहित सभी मंडल अध्यक्ष, प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक और मंडल कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहे।