न लॉक तोड़ा, न कार स्टार्ट की…नोएडा में क्रेन से उठाकर गाड़ी ले गए चोर​

न लॉक तोड़ा, न कार स्टार्ट की…नोएडा में क्रेन से उठाकर गाड़ी ले गए चोर​

नोएडा के सेक्टर15 स्थित नया बांस इलाके में कार चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां चोरों ने कार का लॉक तोड़ने या उसे स्टार्ट करने के बजाय क्रेन की मदद से पूरी गाड़ी ही उठा ली और मौके से फरार हो गए. घर के बाहर खड़ी सफेद रंग की वैगनआर कार को इस तरह गायब देखकर आसपास के लोग भी हैरान रह गए. पीड़ित की शिकायत पर फेज1 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज में कार को क्रेन से उठाकर ले जाने की घटना कैद हुई है.

मामला नया बांस की गली नंबर2 का है. यहां किराए पर रहने वाले विपिन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी सफेद रंग की वैगनआर कार घर के सामने खड़ी थी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। 4 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे वह कार पार्क करने के बाद घर के अंदर चले गए थे. अगले दिन जब उन्हें किसी काम से बाहर जाना था और वह कार के पास पहुंचे तो गाड़ी वहां से गायब मिली.

पहले तो उन्हें लगा कि शायद उन्होंने कार कहीं दूसरी जगह खड़ी की होगी. इसके बाद उन्होंने आसपास काफी देर तक गाड़ी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. आखिरकार उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी.

सीसीटीवी में दिखा चोरी का पूरा तरीका

विपिन कुमार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो चोरी का चौंकाने वाला तरीका सामने आया. फुटेज में एक व्यक्ति क्रेन की मदद से उनकी कार को उठाकर ले जाता दिखाई दे रहा है. चोरों ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि कार का लॉक तोड़ने या उसे स्टार्ट करने की जरूरत ही नहीं पड़ी.

आमतौर पर कार चोरी की घटनाओं में चोर लॉक तोड़कर या गाड़ी को किसी तकनीकी तरीके से स्टार्ट कर ले जाते हैं. हालांकि, इस मामले में पूरी कार को क्रेन से उठाकर ले जाने का तरीका अपनाया गया. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

चार महीने बाद दर्ज हुई एफआईआर

इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी की घटना 4 जुलाई को हुई थी, लेकिन पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 2 नवंबर को एफआईआर दर्ज की. यानी वारदात के करीब चार महीने बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.

एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है. क्रेन की मदद से कार उठाकर ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *