
झांसी: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 के दौरान झांसी से नकल का एक बेहद हैरान कर देने वाला और हाईटेक मामला सामने आया है। यहां एक मुन्ना भाई ने नकल के लिए ऐसा हथकंडा अपनाया जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। परीक्षा केंद्र पर पहुंचे एक अभ्यर्थी ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को सैनिटरी पैड में छिपाया और फिर उसे अपने अंडरगारमेंट्स में रखकर परीक्षा हॉल में पहुंच गया। हालांकि उसकी यह चालाकी ज्यादा देर तक काम नहीं आई और इनविजिलेटर को शक होते ही तलाशी में पूरा भांडा फूट गया।
सरसराहट की आवाज सुनते ही पकड़ा गया मुन्ना भाई
यह घटना झांसी के नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र की है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि शुक्रवार को दूसरी पाली (दोपहर 3 से शाम 5 बजे) की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान एक परीक्षा कक्ष में तैनात इनविजिलेटर को एक अभ्यर्थी के पास से लगातार हल्की सरसराहट जैसी आवाज सुनाई दी। शक गहराने पर जब निरीक्षक ने सख्ती दिखाई और चेकिंग की तो अभ्यर्थी के पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिलने की बात सामने आई।
प्रयागराज का रहने वाला है आरोपी आकाश पटेल
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए अभ्यर्थी की पहचान प्रयागराज निवासी आकाश पटेल के रूप में हुई है। वह झांसी के इस केंद्र पर पीईटी परीक्षा देने पहुंचा था। आरोपी ने चेकिंग से बचने के लिए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को सैनिटरी पैड में लपेटा और अंडरगारमेंट्स में छिपाकर अंदर ले गया था। इसी हाईटेक डिवाइस के जरिए वह परीक्षा में सवालों के जवाब हासिल कर रहा था। एसपी सिटी के मुताबिक आरोपी आकाश पटेल के पास से डिवाइस व अन्य उपकरण बरामद कर लिए गए हैं और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
झांसी में 10 हजार से ज्यादा ने छोड़ी परीक्षा
एक तरफ जहां झांसी में नकल का यह मामला पकड़ा गया, वहीं बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। झांसी जिले में बनाए गए 37 केंद्रों पर पहली पाली में 5,391 और दूसरी पाली में 5,420 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। यानी दोनों पालियों को मिलाकर करीब 10,811 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। हालांकि झांसी जिलाधिकारी गौरांग राठी और एडीएम प्रशासन संजय चावला ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर पूरी प्रक्रिया के शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न होने का दावा किया।
उधर बदायूं में गूगल मैप ने भटकाया रास्ता
पीईटी परीक्षा के दौरान बदायूं जिले से एक अलग ही परेशानी सामने आई। यहां सीतापुर और लखीमपुर से शाहजहांपुर व दातागंज के रास्ते परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को गूगल मैप ने गलत रास्ते पर भटका दिया। डीपॉल स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र की लोकेशन गूगल मैप पर सर्च करने पर वह अभ्यर्थियों को मूसाझाग स्थित ग्राम प्रधान के मकान के पास ले जाकर छोड़ रहा था जिससे कई परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।