
कानपुर, अमृत विचार। नौबस्ता में एक बिल्डर ने यूट्यूबर पर दो लाख रुपये रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर यूट्यूबर ने निर्माणाधीन भवन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर काम बंद कराने व भवन सील कराने की धमकी दे रहा था। पुलिस जांच कर रही है।
विजयनगर निवासी बिल्डर सुखबीर सिंह चंदेल ने दी तहरीर में बताया कि किदवईनगर वाई ब्लाक में उनकी बिल्डिंग का निर्माण हो रहा है। 14 जून की शाम करीब छह बजे निर्माणाधीन भवन में पहुंचे युवक ने अपना नाम मुकेश गौतम बताते हुए खुद को एक न्यूज चैनल का पत्रकार बताया।
आरोप है कि मुकेश ने वहां काम देख रहे सुपरवाइजर राजीव सिंह से कहा कि मालिक से दो लाख रुपये देने को कहो। रकम न देने पर भवन का वीडियो बनाकर वायरल कर देंगे। आरोप है कि यहां तक कि उसने निर्माण कार्य बंद कराने और भवन सील कराने की भी धमकी दी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। विरोध करने पर सुपरवाइजर से गालीगलौज कर धमकाया।
बिल्डर का आरोप है कि तीन व नौ जुलाई को भी आरोपी ने निर्माणाधीन भवन को लेकर सोशल मीडिया में फर्जी खबरें चलाई। रंगदारी का दबाव बनाया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी यूट्यूबर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी पर पहले से बाबूपुरवा, नौबस्ता व नजीराबाद थाने में रंगदारी समेत अन्य धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं।