Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाने में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब थाना परिसर में बने एक कमरे में 26 वर्षीय सिपाही ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक सिपाही की पहचान बिजनौर जिले के चांदपुर निवासी आकाश यादव के रूप में हुई है. वह वर्ष 2019 बैच के सिपाही थे और पिछले करीब दो साल से गोमतीनगर थाने में तैनात थे. फिलहाल वह क्राइम टीम में कार्यरत थे और थाना परिसर में बने कमरे में ही रहते थे.

पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे आकाश ने अपने साथ काम करने वाले एक सिपाही को फोन किया था. बातचीत के दौरान उन्होंने शाम को मिलने की बात कही और इसके बाद कॉल काट दी. कुछ देर बाद ही आकाश ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसका किसी को अंदाजा नहीं था.
पंखे से लटकता मिला शव
बताया गया कि दोपहर करीब तीन बजे थाने में तैनात एक सिपाही अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद आकाश के कमरे पर पहुंचा. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. उसने दरवाजा खटखटाया और काफी देर तक आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. करीब 15 मिनट तक इंतजार करने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो साथी सिपाही ने खिड़की से अंदर झांककर देखा.
खिड़की से अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए. आकाश पंखे से चादर के सहारे लटके हुए थे. घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच शुरू की गई.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की शुरुआती छानबीन में कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. ऐसे में आकाश ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस उनके व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। साथ ही आखिरी फोन कॉल और उस दौरान हुई बातचीत को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है.
दो साल से थे तैनात
गोमतीनगर थाना प्रभारी ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, आकाश यादव थाने में करीब दो साल से तैनात थे और वर्तमान में क्राइम टीम में कार्यरत थे. वह थाना परिसर में बने कमरे में रहते थे. घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
सिपाही की अचानक मौत से पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है. फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.