
लखनऊ, अमृत विचार। यूपी टी20 लीग सीजन4 की शुरुआत इस बार क्रिकेट के साथ संगीत और मनोरंजन के रंग में होगी। 14 अगस्त 2026 को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होने वाली ग्रैंड ओपनिंग सेरेमनी में मशहूर गायक शंकर महादेवन और पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस अपनी प्रस्तुति देंगे। 24 दिन तक चलने वाले इस क्रिकेट महाकुंभ की शुरुआत शानदार समारोह के साथ होगी।
शंकर महादेवन के साथ सिद्धार्थ और शिवम भी देंगे प्रस्तुति
ओपनिंग सेरेमनी में शंकर महादेवन के साथ उनके बेटे सिद्धार्थ महादेवन और शिवम महादेवन भी मंच पर नजर आएंगे। तीनों मिलकर सोलफुल और हाईएनर्जी म्यूजिकल परफॉर्मेंस से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। वहीं, पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियों से शाम को और खास बनाएंगी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। कार्यक्रम की मेजबानी मशहूर स्पोर्ट्स प्रेजेंटर जतिन सप्रू करेंगे।
ड्रोन शो और आतिशबाजी से रोशन होगा लखनऊ का आसमान
ग्रैंड ओपनिंग सेरेमनी में संगीत के साथ शानदार विजुअल डिस्प्ले भी देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान ड्रोन शो का आयोजन होगा, जिसमें लाइव नरेशन के जरिए प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा ग्रैंड फायरवर्क्स डिस्प्ले से लखनऊ का आसमान रोशन किया जाएगा। यूपी टी20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य हाईइंटेंसिटी क्रिकेट के साथ वर्ल्डक्लास मनोरंजन को जोड़ना है। उन्होंने शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलस के ओपनिंग सेरेमनी में शामिल होने पर खुशी जताई।
ओपनिंग नाइट में काशी रुद्रस और मेरठ मावेरिक्स की भिड़ंत
ओपनिंग सेरेमनी के तुरंत बाद मैदान पर यूपी टी20 लीग सीजन4 का पहला मुकाबला खेला जाएगा। उद्घाटन मैच में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रस का सामना मेरठ मावेरिक्स से होगा। टूर्नामेंट का पहला चरण लखनऊ में 26 अगस्त तक चलेगा। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण शुरू होगा।
6 सितंबर को कानपुर में होगा ग्रैंड फाइनल
यूपी टी20 लीग सीजन4 का ग्रैंड फाइनल 6 सितंबर 2026 को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। इस तरह 24 दिनों तक चलने वाले टूर्नामेंट में क्रिकेट प्रेमियों को प्रदेश के अलगअलग शहरों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
ओपनिंग सेरेमनी और मैच के टिकट उपलब्ध
यूपी टी20 लीग की ओपनिंग सेरेमनी और पहले मैच के टिकट बिक्री के लिए लाइव हो चुके हैं। टिकट District ऐप पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध हैं।