
प्रतापगढ़ अमृत विचार : दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार चल रहा दारोगा अर्जुन सिंह को महिला थाना पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर स्थित उसके रिश्तेदार के घर गैस गोदाम के पीछे से गिरफ्तार किया। मंगलवार को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गौतमबुद्धनगर निवासी महिला ने 27 जून को प्रतापगढ़ के महिला थाने में दरोगा अर्जुन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अर्जुन सिंह उस समय मानधाता थाने में तैनात था। महिला का आरोप है कि भदोही में तैनाती के दौरान उसकी दारोगा से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क रहा।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। केस दर्ज होने के बाद आरोपी दारोगा पुलिस की पकड़ से बाहर हो गया था। काफी समय बीतने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता ने एसपी से संपर्क कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज की।
पुलिस को आरोपी के वाराणसी में छिपे होने की जानकारी मिली। महिला थाना प्रभारी संगीता के नेतृत्व में टीम ने सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कैंट क्षेत्र के टकटकपुर में गैस गोदाम के पीछे स्थित आरोपी के रिश्तेदार के घर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में कांस्टेबल अखिलेश और महिला आरक्षी कुसुम सरोज व सुलेखा शर्मा शामिल थीं।
BNS की इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा
महिला थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 31/2026 में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 352 और 351 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अर्जुन सिंह का स्थायी पता गाजीपुर के सुहवल थाना क्षेत्र का तारीघाट गांव है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया।
अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में पुलिस आगे की विवेचना और साक्ष्यों की जांच कर रही है।दुष्कर्म के आरोपी दारोगा अर्जुन सिंह को वाराणसी से गिरफ्तार किया गया। उसे जेल भेज दिया गया है… दीपक भूकर, एसपी प्रतापगढ़।