
Ajay Devgn Upcoming Project: बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन ने अपने फैंस को एक और सरप्राइज देते हुए नए प्रोजेक्ट का एलान कर दिया है। इन दिनों जहां वह दृश्यम 3 को लेकर चर्चा में हैं, वहीं अब उनका यह नया प्रोजेक्ट भी सुर्खियों में आ गया है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताया जा रहा है। अजय देवगन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास पोस्ट शेयर किया, जिसमें वह एक फ्लॉपी डिस्क पकड़े नजर आ रहे हैं। इस डिस्क पर ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ लिखा हुआ है, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
अजय देवगन और दानिश देवगन मिलकर इस प्रोजेक्ट का निर्माण कर रहे हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी अंशुल कुमार शर्मा को सौंपी गई है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि यह प्रोजेक्ट फिल्म है या वेब सीरीज। अजय देवगन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में इस प्रोजेक्ट से जुड़ी एक दिलचस्प टैगलाइन भी शेयर की कि हर किसी की एक सीमा होती है, उसकी तो पूरी दुनिया में फैल गई।
फैंस में बढ़ी उत्सुकता
अजय देवगन ने #HappyBirthdayJoshi का इस्तेमाल किया, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कहानी किसी खास शख्स ‘जोशी’ के इर्द-गिर्द घूम सकती है। अजय देवगन ने यह भी कन्फर्म किया कि यह प्रोजेक्ट सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और 2 अप्रैल को रिलीज किया जाएगा। अजय देवगन के इस पोस्ट के बाद फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कमेंट सेक्शन में लोग इस नए प्रोजेक्ट को लेकर कयास लगा रहे हैं और इसकी कहानी जानने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
View this post on Instagram
ये भी पढ़ें- Lara Dutta Story: समुद्र की लहरों में फंसीं लारा दत्ता, अक्षय कुमार ने ऐसे बचाई जान, जानें दिलचस्प किस्सा
दृश्यम 3 पर भी टिकी निगाहें
वर्कफ्रंट की बात करें तो अजय देवगन जल्द ही ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त में नजर आने वाले हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। इस फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू और श्रिया सरन भी अपनी भूमिकाएं दोहराती नजर आएंगी। कुल मिलाकर, अजय देवगन का यह नया प्रोजेक्ट सस्पेंस और रियल घटनाओं के मिश्रण के साथ दर्शकों के लिए एक दिलचस्प अनुभव साबित हो सकता है।



