Hanuman Jayanti 2026: ‘वाराणसी’ के मेकर्स का खास ट्वीट, हनुमान भक्ति को किया सलाम

Varanasi Movie: देशभर में हनुमान जयंती का पर्व बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर आम लोगों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री भी भक्ति में डूबी नजर आई। अपकमिंग फिल्म वाराणसी के मेकर्स ने भी इस दिन को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। ‘वाराणसी’ के निर्माताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक खास वीडियो क्लिप शेयर की

‘वाराणसी’ के निर्माताओं द्वारा शेयर किए गए वीडियो में फिल्म का पहला लुक देखने को मिला। इस क्लिप में भगवान हनुमान की झलक दिखाई गई है, जिसने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। वीडियो के साथ मेकर्स ने लिखा कि अपने भीतर की शक्ति का उत्सव मनाएं, उस भक्ति का जश्न मनाएं जो पहाड़ों को भी हिला देती है। इस पोस्ट को फैंस ने खूब पसंद किया और कमेंट्स में मेकर्स को भी शुभकामनाएं दीं।

टीजर लॉन्च से बढ़ी थी चर्चा

फिल्म ‘वाराणसी’ पहले ही अपने टीजर को लेकर चर्चा में आ चुकी है। इसका टीजर पिछले साल हैदराबाद में एक भव्य इवेंट के दौरान लॉन्च किया गया था। इस मौके पर एस. एस. राजामौली के साथ महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा भी मौजूद थे। टीजर में वाराणसी शहर की दिव्यता, ऋषियों के हवन और प्रकृति के अद्भुत दृश्य दिखाए गए थे। इसके बाद हनुमान जी की झलक और लंका दहन का दृश्य दर्शकों को बेहद रोमांचित कर गया।

दमदार स्टारकास्ट से सजी फिल्म

इस मेगा बजट फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे। फिल्म को लेकर पहले से ही हाई एक्सपेक्टेशंस हैं और हर अपडेट के साथ इसकी चर्चा बढ़ती जा रही है। फिल्म ‘वाराणसी’ को साल 2027 में रिलीज करने की योजना है। इसके भव्य विजुअल्स, पौराणिक तत्वों और दमदार स्टारकास्ट को देखते हुए यह फिल्म भारतीय सिनेमा की बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। हनुमान जयंती के मौके पर आए इस खास पोस्ट ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। अब दर्शक फिल्म से जुड़े अगले अपडेट और इसके ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।