‘धुरंधर 2’ पर फिदा हुईं तनुजा, बोलीं- असली हीरो डायरेक्टर, रणवीर सिंह की भी की जमकर तारीफ

Quick Samachar: Tanisha Mukerji Share Video: बॉलीवुड में इन दिनों धुरंधर 2 का जबरदस्त जलवा देखने को मिल रहा है। रिलीज के दो हफ्तों से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी फिल्म की चर्चा थमने का नाम नहीं ले रही। अब इस सुपरहिट फिल्म पर दिग्गज अभिनेत्री तनुजा का रिएक्शन सामने आया है, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

तनीषा मुखर्जी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

दरअसल, तनीषा मुखर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपनी मां तनुजा के साथ नजर आ रही हैं। तनीषा ने अपनी मां को हाल ही में ‘धुरंधर 2’ दिखाई और फिर उनका रिव्यू रिकॉर्ड किया। वीडियो में जब तनीषा अपनी मां से फिल्म के अनुभव के बारे में पूछती हैं, तो तनुजा बिना देर किए कहती हैं, “बेहतरीन, शानदार फिल्म है।”

सबसे दिलचस्प बात तब सामने आई जब तनीषा ने पूछा कि फिल्म का असली हीरो कौन है। इस पर तनुजा ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, “डायरेक्टर, 110%।” उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।

हालांकि, उन्होंने रणवीर सिंह की एक्टिंग की भी जमकर तारीफ की। तनुजा ने कहा कि रणवीर ने अपने किरदार को बेहद शानदार तरीके से निभाया है और फिल्म की पूरी कास्ट ने बेहतरीन काम किया है। उन्होंने यह भी माना कि फिल्म थोड़ी लंबी जरूर है, लेकिन इसकी कहानी और प्रस्तुति इतनी मजबूत है कि कहीं भी बोरियत महसूस नहीं होती।

तनीषा मुखर्जी ने भी इस मौके पर फिल्म और उसकी टीम की तारीफ की और रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस को ‘आउटस्टैंडिंग’ बताया। मां-बेटी की यह बातचीत अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं।

ये भी पढे़- ‘आज मैं जो हूं, उनकी वजह से हूं…’, मां बबीता के संघर्ष को याद कर भावुक हुईं करिश्मा कपूर, कही ये बात

‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

अगर बॉक्स ऑफिस की बात करें, तो ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के महज 15 दिनों के भीतर भारत में 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1500 करोड़ के करीब पहुंचने की खबरें हैं। फिल्म की इस जबरदस्त सफलता ने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है।

फिलहाल, ‘धुरंधर 2’ की आंधी ऐसी चल रही है कि दूसरी फिल्मों की रिलीज पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। दर्शकों के बीच इसका क्रेज लगातार बना हुआ है और हर कोई इसकी तारीफ करता नजर आ रहा है।