
मुरादाबाद, अमृत विचार। यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 55 डंपर और ट्रकों का चालान कर 2 लाख 92 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मंगलवार को यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर डंपरों और ट्रकों की जांच की। इस दौरान प्रेशर हॉर्न, निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार, दोषपूर्ण नंबर प्लेट और रिफ्लेक्टर संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 10 वाहनों पर एक लाख रुपये,ओवरस्पीड चल रहे 38 वाहनों पर एक लाख 52 हजार रुपये, दोषपूर्ण नंबर प्लेट वाले छह वाहनों पर 30 हजार 500 रुपये तथा रिफ्लेक्टर संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 55 वाहनों का चालान कर दो लाख 92 हजार 500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
यातायात पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। वाहनों में अवैध प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करें, निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाएं तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें।
एसपी ट्रैफिक ने सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि सड़क सुरक्षा और आमजन की जानमाल की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात नियमों की अनदेखी कर लोगों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को खतरे में डालने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।