पुलिस रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ करने वाले शख्स की तलाश कर रही है।
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL

अलप्पुझा: केरल के अलप्पुझा जिले के हरिपाड इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर फ्राइड राइस में चिकन कम होने की शिकायत को लेकर एक व्यक्ति ने रेस्टोरेंट में जमकर हंगामा किया और कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे हरिपाड स्थित ‘चिकन शिकागो’ रेस्टोरेंट में हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी एक पिकअप वैन में रेस्टोरेंट पर पहुंचा और चिकन फ्राइड राइस का ऑर्डर दिया।

‘गुस्से में खाने से भरी प्लेट टेबल से फेंक दी’

खाना मिलने के बाद उसने आरोप लगाया कि फ्राइड राइस में चिकन पर्याप्त मात्रा में नहीं है। इसी बात को लेकर उसने रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी से झगड़ा शुरू कर दिया। FIR के मुताबिक, आरोपी फ्राइड राइस में कम चिकन को लेकर इतना भड़का हुआ था कि किसी की कोई बात सुन तक नहीं रहा था। मामला बढ़ता देख रेस्टोरेंट मैनेजर ने बीच-बचाव किया और आरोपी से कहा कि वह उसे ज्यादा चिकन दे देगा, लेकिन इसके बावजूद वह शांत नहीं हुआ और उसने गुस्से में खाने से भरी प्लेट टेबल से फेंक दी।

महिला कर्मचारी को घसीटकर बाहर ले गया

आरोपी इसके बाद कैश काउंटर पर पहुंचा, जहां उसने एक महिला कर्मचारी के साथ बदसलूकी की। उसने महिला का कॉलर पकड़ लिया, वहां रखा कंप्यूटर तोड़ दिया और महिला को जबरदस्ती रेस्टोरेंट के बाहर घसीटकर ले गया। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में रेस्टोरेंट को करीब 35,000 रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने यह मामला महिला कर्मचारी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी पहचान करके उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है।