Quick Samachar: Saharanpur News: मध्य प्रदेश ATS की टीम बुधवार को एक बार फिर सहारनपुर जिले के नानौता पहुंची. इस बार जांच एजेंसी अपने साथ संदिग्ध गतिविधियों के मामले में कुछ दिन पहले गिरफ्तार किए गए नईम अब्दुला को लेकर आई थी. टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में नईम अब्दुला के घर और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया. नईम की निशानदेही पर घर के अलगअलग हिस्सों की बारीकी से जांच की गई. बताया जा रहा कि टीम ने कई दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जब्त कीं. साथ ही परिवार के लोगों से भी पूछताछ कर कुछ अहम जानकारियां जुटाईं.

सहारनपुर में MP ATS की फिर दस्तक, नईम को साथ लेकर नानौता पहुंची टीम; ISI कनेक्शन की जांच में मिले अहम सुराग!​
सहारनपुर में MP ATS की फिर दस्तक, नईम को साथ लेकर नानौता पहुंची टीम; ISI कनेक्शन की जांच में मिले अहम सुराग!​

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही मध्य प्रदेश ATS और यूपी ATS की संयुक्त कार्रवाई में नानौता निवासी नईम अब्दुल्ला को हिरासत में लेकर भोपाल ले जाया गया था. जांच के दौरान मिले कुछ इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बुधवार को एमपी ATS दोबारा उसके घर पहुंची. माना जा रहा कि पूछताछ में सामने आई जानकारियों के सत्यापन और संभावित साक्ष्य जुटाने के लिए यह कार्रवाई की गई.

एमपी ATS ने नईम अब्दुला के घर को खंगाला

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां नईम के संपर्कों, डिजिटल गतिविधियों और कुछ संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं. हालांकि अब तक किसी भी अधिकारी ने मामले को लेकर सार्वजनिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है. जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि भोपाल में पूछताछ के दौरान कुछ ऐसे तथ्य सामने आए, जिनके आधार पर मौके पर पहुंचकर सत्यापन करना जरूरी समझा गया.

इसी कारण एटीएस नईम को साथ लेकर उसके घर पहुंची और उसकी मौजूदगी में कई स्थानों की जांच की गई. एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामले में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो जुड़ा नहीं है.

ISI के लिए काम कर रहा था नईम अब्दुला!

बता दें कि एमपी ATS भोपाल निवासी मोहम्मद फराज से जुड़े एक प्रकरण की जांच कर रही थी. इसी जांच के दौरान कुछ डिजिटल संपर्क और तकनीकी जानकारियां उत्तर प्रदेश के देवबंद और नानौता क्षेत्र तक पहुंचने की बात सामने आई थी. इसके बाद नईम अब्दुल्ला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था. अब उसकी निशानदेही पर की गई यह तलाशी जांच की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है. सूत्र बताते हैं कि नईम अब्दुला और उसके कुछ साथी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम कर रहे थे.