Hardoi News : डीएम अनुनय झा की पहल रंग लाई, गोद लिए सरकारी स्कूलों की बदली तस्वीर; कई विद्यालयों का हुआ लोकार्पण

Hardoi News : डीएम अनुनय झा की पहल रंग लाई, गोद लिए सरकारी स्कूलों की बदली तस्वीर; कई विद्यालयों का हुआ लोकार्पण
Hardoi News : डीएम अनुनय झा की पहल रंग लाई, गोद लिए सरकारी स्कूलों की बदली तस्वीर; कई विद्यालयों का हुआ लोकार्पण

हरदोई, अमृत विचार। जिलाधिकारी अनुनय झा की पहल पर गोद लिए गए सरकारी विद्यालयों का कायाकल्प अब जमीन पर नजर आने लगा है। गुरुवार को जिले के विभिन्न विकासखंडों में जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के बाद तैयार किए गए स्कूलों का लोकार्पण किया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विद्यालयों का निरीक्षण कर किए गए कार्यों की सराहना की तथा शिक्षा की गुणवत्ता और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

प्राथमिक विद्यालय पिरोजापुर में स्मार्ट क्लास की घोषणा

बावन ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पिरोजापुर का लोकार्पण जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार ने किया। उन्होंने विद्यालय की भौतिक एवं शैक्षिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया और कहा कि शिक्षकों की लगन व सामूहिक प्रयास से सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव संभव है।

डीडीओ ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। बच्चों की अंग्रेजी में प्रस्तुति से प्रभावित होकर उन्होंने विद्यालय में जल्द ही आधुनिक स्मार्ट क्लास स्थापित कराने और सभी कक्षाओं को इनवर्टर सुविधा से जोड़ने की घोषणा की।

इस दौरान एआरपी दिव्या सिंह, प्रधानाध्यापक राजीव कुमार सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष अभिषेक कुमार, सदस्य विपिन कुमार, जगपाल, रामश्री, शिक्षक हरिहर नारायण शुक्ला, वंदना गुप्ता, ब्रजेश कठेरिया, शिक्षामित्र सुषमा देवी, शुभकरण सिंह यादव सहित अभिभावक मौजूद रहे।

सुरसा में कायाकल्प के बाद बदला विद्यालय का स्वरूप

सुरसा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय तुर्तीपुर का कायाकल्प योजना के तहत जीर्णोद्धार कराया गया। खंड विकास अधिकारी कविता अवस्थी की निगरानी में कराए गए विकास कार्यों के बाद विद्यालय का स्वरूप पूरी तरह बदल गया। विद्यालय का लोकार्पण प्रमुख प्रतिनिधि धनंजय मिश्रा ने फीता काटकर किया।

बिलग्राम के स्कूल बने आदर्श विद्यालय

बिलग्राम ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय गनीपुर और रफयतगंज, जिन्हें एसडीएम एन. राम ने गोद लिया था, उनका भी गुरुवार को शुभारंभ किया गया। विद्यालयों में रंगाईपुताई, नया फर्नीचर, बिजली, शौचालय, पेयजल, टाइल्स, टीएलएम, हरित परिसर और आकर्षक पेंटिंग सहित सभी आवश्यक कार्य पूरे किए गए। उद्घाटन समारोह में एसडीएम और तहसीलदार यशवंत सिंह सहित ग्रामीण व अभिभावक मौजूद रहे।

भरखनी में विधायक ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण

भरखनी विकासखंड के ग्राम अनंगपुर स्थित संविलियन विद्यालय में कायाकल्प योजना के तहत कराए गए विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ ने किया। उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण करते हुए कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *