
बस्तर। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से समूचे बस्तर संभाग में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है, जहां बुधवार रात से शुरू हुआ मूसलाधार बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। बस्तर संभाग के जगदलपुर, बीजापुर और कांकेर जिले के कलेक्टरों ने तीन जिलों में बारिश को देखते हुए स्कूलों में अवकाश का ऐलान किया हैं।
जगदलपुर में अवकाश घोषित
जगदलपुर कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में लिखा हैं
”बस्तर जिलें में लगातार हो रही अत्याधिक वर्षा के कारण बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिलें के समस्त शासकीय/अशासकीय/अनुदान प्राप्त शालाओं में 25 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।”
अनवरत बारिश के चलते जगदलपुर की जीवनदायिनी इंद्रावती नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है तथा लगातार इसकी निगरानी की जा रही है। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए संपर्क मार्गों के जलमग्न होकर बंद होने की गंभीर आशंका पैदा हो गई है। इसे मद्देनजर रखते हुए जिला कलेक्टर आकाश छिकारा ने समूचे प्रशासनिक तंत्र को सक्रिय कर दिया है। कलेक्टर ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों, होमगार्ड कमांडेंट और अन्य अधिकारियों को निरंतर फील्ड में रहकर स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा इंद्रावती नदी के तटीय क्षेत्रों, निचले गांवों तथा संवेदनशील बस्तियों में मुनादी कराकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है, साथ ही मैदानी अमले को किसी भी आपदा की स्थिति की जानकारी तत्काल जिला मुख्यालय स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष को प्रेषित करने के लिए हिदायत दी गई है। सुरक्षा इंतजामों के तहत जिन रपटों और पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने का जोखिम बना हुआ है, वहां दोनों छोर पर बैरिकेड्स लगाने के साथ कोटवारों और स्थानीय निगरानी दलों की विशेष तैनाती की जा रही है, ताकि आमजन जोखिम उठाकर रपटों को पार न करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि जहां भी जलस्तर खतरे के स्तर को छूने लगे, वहां बिना किसी देरी के होमगार्ड, राज्य आपदा मोचन बल और पुलिस के साथ संयुक्त समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू ऑपरेशन और विस्थापितों के पुनर्वास का कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे उफनती नदियों और रपटों के समीप जाने से बचें, प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
कांकेर में छुट्टी
भारी बारिश एवं मौसम की स्थिति को देखते हुए कांकेर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विद्यार्थियों एवं बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आज अवकाश घोषित किया है।
कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मैदानी अमले को भी मौसम एवं स्थानीय परिस्थितियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचें और बच्चों एवं परिवारजनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
बीजापुर में भी बंद रहेंगे स्कूल
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में भारी बारिश के चलते स्कूलों में एक दिन के अवकाश की घोषणा की गई है। यह अवकाश आज 25 सितंबर को रहेगा। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने यह आदेश जारी किया है। आदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और छात्र-छात्राओं के हित को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
जारी आदेश में जानिए क्या कुछ लिखा हैं
”बीजापुर जिले में लगातार भारी वर्षा होने के कारण छात्र/छात्राओं को स्कूल पहुचने में परेशानी को देखते हुए 25.09.2026 को समस्त शैक्षणिक शासकीय/अशासकीय प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला, हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में छात्र हित को देखते हुए एक दिन का अवकाश घोषित किया जाता है।
25.09.2026 की माध्यमिक वर्ग त्रैमासिक परीक्षा का आयोजन पूर्व निर्धारित समय अनुसार 28.09.2026 को आयोजित की जायेगी एवं 25.09.2026 की हाई स्कूल/हायर सेकेण्डरी की त्रैमासिक परीक्षा का आयोजन 1.10.2026 को किया जाएँ। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। “कलेक्टर द्वारा निर्देशित”