
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक से दिल्ली के जंतरमंतर पर चल रहे अपने अनिश्चितकालीन अनशन को समाप्त करने की भावुक अपील की है।
यह अपील ऐसे समय आई है जब जंतरमंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का विरोध प्रदर्शन 24वें दिन और सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल 17वें दिन में प्रवेश कर चुकी है।
‘आपका जीवन मानवता और पर्यावरण के लिए अनमोल’
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह सोनम वांगचुक से अत्यंत विनम्र आग्रह करते हैं कि वे अपना अनशन समाप्त करें। उन्होंने कहा कि वांगचुक का जीवन केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए बहुमूल्य है, क्योंकि वह मानवता, पर्यावरण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित हैं।
केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना
सपा प्रमुख ने अपने बयान में केंद्र सरकार पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को जगाने के लिए सोनम वांगचुक आमरण अनशन कर रहे हैं, उससे संवेदनशीलता की अपेक्षा करना व्यर्थ है। उनके अनुसार सत्याग्रह का महत्व वही समझ सकता है, जिसकी लोकतंत्र में सच्ची आस्था हो।
अखिलेश यादव ने कहा कि सोनम वांगचुक का नैतिक बल और संघर्ष देश के युवाओं, लोकतंत्र तथा पर्यावरण संरक्षण की लड़ाई के लिए प्रेरणास्रोत बना रहना चाहिए।
स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता
आयोजकों के अनुसार, अनिश्चितकालीन अनशन के दौरान सोनम वांगचुक का वजन 8.2 किलोग्राम कम हो चुका है। उनका रक्तचाप घटकर 107/70 एमएमएचजी रह गया है, जबकि रक्त शर्करा का स्तर 67 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर दर्ज किया गया है।
प्रदर्शनकारियों की मांगों पर ध्यान देने की अपील
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन में शामिल लोगों की जिंदगी दांव पर लगी हुई है और सरकार को समय रहते संवाद स्थापित करना चाहिए।