Amroha News : ‘पहले रामपुरसैफई सिंडिकेट तय करता था सरकारी भर्ती’, अमरोहा में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी

Amroha News : ‘पहले रामपुरसैफई सिंडिकेट तय करता था सरकारी भर्ती’, अमरोहा में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी
Amroha News : ‘पहले रामपुरसैफई सिंडिकेट तय करता था सरकारी भर्ती’, अमरोहा में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अमरोहा के गजरौला में आयोजित जनसभा में विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी , पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी भर्तियां “रामपुर और सैफई सिंडिकेट” के प्रभाव में होती थीं, जिससे योग्य युवाओं के साथ अन्याय होता था। वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है, जिससे प्रदेश के हर जिले के युवाओं को बिना भेदभाव अवसर मिल रहे हैं।

गजरौला से चार जिलों को विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद, बुलंदशहर, अमरोहा और संभल की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और सिंडिकेट मुक्त व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उत्तर प्रदेश आज विकास, कानूनव्यवस्था तथा निवेश के क्षेत्र में नई पहचान बना चुका है।

‘122 चीनी मिलें चल रहीं, किसानों को समय पर भुगतान’

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में चीनी मिलें बंद हो रही थीं, जबकि आज 122 चीनी मिलों का संचालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल किया है और किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया है। उनके अनुसार, उत्तर प्रदेश आज गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है।

गंगा एक्सप्रेसवे और नहर परियोजना का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य गंगा नहर परियोजना और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी आधारभूत संरचना परियोजनाओं से अमरोहा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी दिल्ली, लखनऊ और प्रयागराज से बेहतर हुई है, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिली है।

‘अब अपराधियों के लिए जेल या जहन्नुम’

कानूनव्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाए जाते थे, जबकि अब कांवड़ यात्रा और तिगरी मेले जैसे आयोजन सुरक्षा और भव्यता के साथ संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अपराध और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, “बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए अब केवल दो ही स्थान बचे हैंजेल या जहन्नुम।”

लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना और किसान ड्रोन अनुदान योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र और आर्थिक सहायता भी वितरित की। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय विधायक राजीव तरारा के विकास कार्यों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *