
बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में ग्राम विकास, पंचायती राज, गौ आश्रय स्थलों तथा जिला स्वच्छता समिति की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने महिला स्वयं सहायता समूहों को समय से भुगतान, फैमिली आईडी निर्माण में तेजी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना , राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य विकास योजनाओं की प्रगति में सुधार के निर्देश दिए।
साथ ही निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्नपूर्णा भवनों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कर संचालन शुरू कराने को कहा। उन्होंने बरसात से क्षतिग्रस्त गांवों और मोहल्लों की सड़कों व गलियों की सूची बनाकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा जलभराव वाले स्थानों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। गौ आश्रय स्थलों में नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, हरे चारे, साइलेज, भूसे, पेयजल, साफसफाई, प्रकाश व्यवस्था और पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
स्वरोजगार बढ़ाने पर दिया जोर
डीएम ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और एक जनपद एक व्यंजन से स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर स्थानीय उत्पादों के निर्माण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन तथा प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार बढ़ाने पर जोर दिया। पंचायती राज विभाग को गांवों में स्वच्छता, नालियों की सफाई, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, अधूरे शौचालयों का निर्माण और पंचायत सहायकों के मानदेय का समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही लंबित पेंशन आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण, विकास कार्यों की नियमित समीक्षा तथा सभी योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर बल दिया। बैठक में जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए राकेश कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।