
बरेली, अमृत विचार। बरेली से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। इंडिगो एयरलाइंस ने बरेली से कई बड़े शहरों के लिए कनेक्टिंग उड़ानों की सुविधा शुरू कर दी है। यात्री अब दिल्ली और नोएडा के रास्ते पटना, चंडीगढ़, वडोदरा, रांची, हैदराबाद, जयपुर, गुवाहाटी, श्रीनगर, चेन्नई और दुबई जैसे शहरों तक आसानी से यात्रा कर सकेंगे।
एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश अग्रवाल ने बताया इंडिगो की ओर से जारी यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, बरेली से दोपहर तीन बजे रवाना होने वाली उड़ानों के जरिए दिल्ली पहुंचकर आगे पटना, चंडीगढ़, वडोदरा, रांची, गुवाहाटी, श्रीनगर, चेन्नई और दुबई के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट मिलेगी। वहीं, नोएडा के रास्ते हैदराबाद और जयपुर के लिए भी नियमित कनेक्शन उपलब्ध रहेगा। इंडिगो का कहना है कि इन नई कनेक्टिंग उड़ानों से बरेली और आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़े शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही अलगअलग टिकट लेने की परेशानी भी कम होगी। हालांकि एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उड़ानों का समय और संचालन सरकारी व नियामकीय मंजूरी के अनुसार बदला जा सकता है।