
बरेली, अमृत विचार। दिल्लीलखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवदिया झादा में बन रहा सिक्सलेन फ्लाईओवर अगस्त में कांवड़ यात्रा से पहले यातायात के लिए खोलने की तैयारी है। परियोजना अंतिम चरण में पहुंच गई है और एप्रोच रोड का निर्माण शुरू कर दिया गया है। एनएचएआई अधिकारियों का दावा है कि जुलाई के अंत तक निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
पीलीभीत बाईपास से बीसलपुर रोड को जोड़ने वाले नवदिया झादा चौराहे पर करीब 29.83 करोड़ रुपये की लागत से 980 मीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। एनएचएआई ने यह कार्य मेसर्स विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा है। पुल का मुख्य ढांचा दो महीने पहले तैयार हो गया था, एप्रोच रोड पर गिट्टी बिछाने के बाद अब डामरीकरण का काम शुरू हो गया है।
अधिकारियों के अनुसार कोलतार की कीमतों में आई बढ़ोतरी से कुछ समय कार्य प्रभावित रहा, लेकिन अब कांवड़ यात्रा को देखते हुए निर्माण की रफ्तार बढ़ा दी गई है। परियोजना पूरी होने के बाद नवदिया झादा चौराहे पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और दिल्लीलखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अधिक सुगम होगा।
फ्लाईओवर से जाम की समस्या होगी खत्म
नवदिया झादा चौराहा पर ट्रैफिक अधिक रहता है। यहां दिल्लीलखनऊ हाईवे, बीसलपुर रोड और स्थानीय मार्गों का ट्रैफिक एक साथ गुजरने से अक्सर जाम लगता है। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद हाईवे का यातायात सीधे ऊपर से गुजरेगा, जिससे चौराहे पर दबाव कम होगा। इससे यात्रियों के समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
नवदिया झादा स्थित निर्माणाधीन सिक्सलेन फ्लाईओवर का कार्य अंतिम चरण में है। कोलतार की उपलब्धता प्रभावित होने से एप्रोच रोड का निर्माण तय समय पर पूरा नहीं हो सका। अब कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण में तेजी लाई गई है। फ्लाईओवर को कांवड़ शुरू होने से पहले यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक एनएचएआइ, मुरादाबाद।