
बरेली, अमृत विचार। जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय परचून व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय मोहम्मद अरमान और साक्ष्य छिपाने के आरोप में उसके पिता को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने जो हत्या का कारण बताया, उसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी का दावा है कि उसे कान में ‘जिन्न की आवाजें’ सुनाई देती थीं, जो उसे लोगों की हत्या करने के लिए उकसाती थीं।
CCTV फुटेज ने खोला हत्या का राज
धौराटांडा निवासी 65 वर्षीय सियाराम श्रीवास्तव 24 जुलाई की सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। कुछ देर बाद उनका शव बिबियापुर रोड पर खून से लथपथ मिला था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके गले, सिर और सीने पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई थी।
शुरुआत में मृतक के बेटे ने पुरानी रंजिश के चलते तीन पड़ोसियों पर हत्या का शक जताया था, लेकिन पुलिस जांच में उनकी कोई भूमिका सामने नहीं आई।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक सफेद रंग की ओमनी वैन संदिग्ध हालत में घूमती हुई दिखाई दी, जिसने हत्या का राज खोल दिया।
पहले वैन से मारी टक्कर, फिर चाकू से गोदा
पुलिस जांच में पता चला कि संदिग्ध ओमनी वैन आरोपी मोहम्मद अरमान के पिता के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में अरमान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने पहले व्यापारी को अपनी वैन से जोरदार टक्कर मारी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। जब वह गिर गए, तो उसने वैन के टूटे कांच और चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने मृतक के पास रखे 1,200 रुपये भी निकाल लिए थे, जिसमें से पुलिस ने 580 रुपये बरामद कर लिए हैं।
मानसिक भ्रम का शिकार है आरोपी
एसपी नॉर्थ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी अरमान सूखे नशे का आदी है और उसका मानसिक उपचार भी चल रहा है।
पूछताछ में उसने अजीबोगरीब दावा किया कि उसे कान में “जिन्न की आवाजें” सुनाई देती थीं, जो उसे हत्या करने का आदेश देती थीं।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह हैलुसिनेशन का मामला प्रतीत होता है, जिसके चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पिता भी साक्ष्य छिपाने के आरोप में गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े, मृतक का आधार कार्ड, मोबाइल फोन, लूटी गई शेष नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई ओमनी वैन बरामद कर ली है। इसके साथ ही आरोपी के पिता को हत्या से जुड़े साक्ष्य छिपाने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें