CM Yogi in Bahraich: बहराइच की जनसभा में CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले परिवारवाद ने आक्रांताओं को बढ़ावा दिया

CM Yogi in Bahraich: बहराइच की जनसभा में CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले परिवारवाद ने आक्रांताओं को बढ़ावा दिया
CM Yogi in Bahraich: बहराइच की जनसभा में CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले परिवारवाद ने आक्रांताओं को बढ़ावा दिया

बहराइच: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बहराइच दौरे के दौरान महसी तहसील के विकास खंड तेजवापुर स्थित बेड़नापुर रामलीला मैदान में आयोजित विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बहराइच की अहम भूमिका है और वर्ष 2017 के बाद जिले ने विकास और सुशासन की दिशा में उल्लेखनीय बदलाव देखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यह क्षेत्र आकांक्षी और बीमारू जिलों की श्रेणी में गिना जाता था, जहां भूमाफिया और अपराधियों का प्रभाव अधिक था। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि परिवारवादी राजनीति के कारण ऐतिहासिक नायकों की उपेक्षा हुई। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में किसी भी आक्रांता के नाम पर मेला या आयोजन नहीं होने दिया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस स्थान पर महाराजा सुहेलदेव ने गाजी को पराजित किया था, वहां आज उनका भव्य स्मारक स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज और बालार्क ऋषि के नाम पर चिकित्सालय संचालित हो रहा है। इसके अलावा बाराबंकी से बहराइच तक फोरलेन सड़क परियोजना को भी स्वीकृति मिल चुकी है।

उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में बहराइच ने देश में दूसरा और शिक्षा के क्षेत्र में चौथा स्थान प्राप्त किया है। जिले के 12 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का उच्चीकरण किया गया है। वहीं भरतपुरा में विस्थापित दलित एवं वंचित समाज के 500 परिवारों के लिए आवासीय कॉलोनी का निर्माण कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानूनव्यवस्था की स्थिति बेहतर नहीं थी, जबकि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के सुशासन और सुरक्षा सुनिश्चित करने का काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानूनव्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल जेल या कठोर कानूनी कार्रवाई का रास्ता है।

बरसात के मौसम का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशासन को मगरमच्छ और तेंदुए जैसे वन्यजीवों के हमलों से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उन्होंने सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील भी की।

इस अवसर पर महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडे, विधान परिषद सदस्य पदम सेन चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *