मशहूर टीवी सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ एक बार फिर अपनी कास्टिंग को लेकर चर्चा में है। पिछले कुछ दिनों से मीडिया में दावा किया जा रहा था कि दिलीप जोशी यानी कि जेठालाल 18 साल बाद यह शो छोड़ रहे हैं। शो के निर्माता असित मोदी पहले ही इन खबरों को गलत बता चुके हैं और अब खुद दिलीप जोशी ने सामने आकर इन अफवाहों का सच बताया है। दिलीप जोशी ने एक इंटरव्यू में इन झूठी खबरों पर खुलकर बात की।
दिलीप जोशी ने शो छोड़ने की अफवाहों पर क्या कहा?

सोशल मीडिया पर अक्सर यह खबर उड़ती रहती है कि जेठालाल यानी दिलीप जोशी शो को अलविदा कह रहे हैं। इस बार दिलीप जोशी ने इस पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा, “सोशल मीडिया के जितने फायदे हैं, उतने ही नुकसान भी हैं। आजकल कुछ लोगों के लिए सोशल मीडिया पैसे कमाने का जरिया बन गया है। ज्यादा व्यूज पाने के चक्कर में लोग मनगढ़ंत कहानियां लिख देते हैं। दुख की बात तो यह है कि बड़े मीडिया हाउस भी बिना सच जाने इन खबरों को छाप देते हैं। उन्हें लगता है कि अगर वे इसे तुरंत नहीं छापेंगे तो पीछे रह जाएंगे।”
बिना जांच किए खबरें न छापने की अपील
दिलीप जोशी ने मीडिया और लोगों से अपील की है कि वे ऐसी कोई भी खबर छापने से पहले प्रोडक्शन हाउस से सच जरूर पता करें। उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर भी निशाना साधा और कहा कि उनका कुछ नहीं किया जा सकता।
खबर आने पर कैसा था शो के मेकर्स का रिएक्शन?
दिलीप जोशी ने बताया कि जब शो छोड़ने की यह अफवाह सोशल मीडिया पर फैली, तब उनके पास निर्माता असित मोदी का फोन भी आया था। लेकिन उस समय वह अपनी शूटिंग में व्यस्त थे और उन्हें इस पूरी बात की कोई जानकारी ही नहीं थी। उन्होंने साफ किया कि वह शो नहीं छोड़ रहे हैं।