
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद के नगला कन्हई क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और दो बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एसओजी के दो जवान गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल शिकोहाबाद संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां एक जवान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए।
ट्रेन में बदमाशों के होने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में दो वांछित बदमाश सफर कर रहे हैं। सूचना मिलते ही इटावा एसओजी ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही दोनों बदमाश उतरकर भागने लगे।
भागते समय पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने एसओजी टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के बीच दोनों आरोपी पास के नगला कन्हई गांव की ओर भाग गए और प्राथमिक विद्यालय के पास छिप गए। इसके बाद दोनों ओर से फायरिंग हुई।
दो एसओजी जवानों को लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान एसओजी के सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने डेविड चौहान की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया, जबकि दूसरे घायल जवान का इलाज जारी है।
डॉक्टर लूटकांड से जुड़े थे दोनों आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 3 जुलाई को इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में तीन बदमाशों ने एक डॉक्टर से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी सुमित और अंकित उर्फ सीपू फरार चल रहे थे। इन्हीं दोनों की तलाश में एसओजी टीम कार्रवाई कर रही थी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश ढेर
पुलिस ने बताया कि पीछा करते हुए टीम शिकोहाबाद पहुंची, जहां दोनों बदमाशों को घेरने का प्रयास किया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।