iPhone के एयरड्रॉप से चुराया 15 महिलाओं का प्राइवेट डेटा, रंगे हाथों पकड़े जाने पर वकील की कोर्ट परिसर में सरेआम कुटाई

iPhone के एयरड्रॉप से चुराया 15 महिलाओं का प्राइवेट डेटा, रंगे हाथों पकड़े जाने पर वकील की कोर्ट परिसर में सरेआम कुटाई

Kalyan Crime News: आज के डिजिटल युग में जहां स्मार्टफोन ने हमारी जिंदगी आसान की है, वहीं इसके दुरुपयोग के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं. ताजा मामला कल्याण जिला अदालत परिसर से सामने आया है, जिसने कानूनी बिरादरी को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक वकील पर अपनी ही महिला सहकर्मियों की निजता पर डाका डालने और उनके मोबाइल से निजी डेटा चुराने का बेहद संगीन आरोप लगा है. आरोपी वकील को एक महिला वकील ने रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद कोर्ट परिसर में ही उसकी जमकर पिटाई कर दी गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

iPhone के एयरड्रॉप से चुराया 15 महिलाओं का प्राइवेट डेटा, रंगे हाथों पकड़े जाने पर वकील की कोर्ट परिसर में सरेआम कुटाई

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी वकील महेश जाधव पिछले काफी समय से कोर्ट परिसर में सक्रिय था. वह अपने आईफोन के एयरड्रॉप फीचर का गलत इस्तेमाल करके अपनी साथी महिला वकीलों के फोन से उनकी निजी तस्वीरें और संवेदनशील डेटा गुप्त रूप से अपने फोन में ट्रांसफर कर रहा था.

10 से 15 महिला वकील बनीं शिकार

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने एक या दो नहीं, बल्कि करीब 10 से 15 महिला वकीलों के मोबाइल फोन को अपना निशाना बनाया. पिछले कुछ दिनों से इस डेटा लीक की भनक महिला वकीलों को लग गई थी, जिसके बाद से वे बेहद गुस्से में थीं और उस छिपे हुए आरोपी की तलाश कर रही थीं.

सरेआम कोर्ट परिसर में पिटाई, फिर पहुंचाया थाने

गुरुवार को कोर्ट के व्यस्त कामकाजी घंटों के दौरान यह पूरा मामला उस समय फट पड़ा जब आरोपी की किस्मत ने उसका साथ छोड़ दिया. कोर्ट परिसर में काम के दौरान ही एक सतर्क महिला वकील ने महेश जाधव को संदिग्ध रूप से एयरड्रॉप के जरिए डेटा ट्रांसफर करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद वहां मौजूद अन्य पीड़ित महिला वकील भी एकत्र हो गईं. गुस्से से आगबबूला महिला वकीलों ने संयम खो दिया और भीड़भाड़ वाले कोर्ट परिसर में ही आरोपी वकील महेश जाधव की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस घटना से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और भारी भीड़ जमा हो गई. मौके पर उपजे तनावपूर्ण माहौल के बीच, महिला वकील आरोपी महेश जाधव को घसीटते हुए पास के महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन ले गईं और पुलिस के हवाले कर दिया.

ब्लैकमेलिंग या कुछ और? पुलिस खंगाल रही है मोबाइल

घटना की गंभीरता को देखते हुए कल्याण की महात्मा फुले चौक पुलिस ने आरोपी वकील को तुरंत हिरासत में ले लिया है और उसका आईफोन जब्त कर लिया है. पुलिस की तकनीकी टीम अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि महेश जाधव ने इन चुराई गई निजी तस्वीरों और संवेदनशील डेटा का इस्तेमाल कहां और कैसे किया. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी इन तस्वीरों के जरिए महिला वकीलों को ब्लैकमेल करने की योजना बना रहा था या वो इसे किसी अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा कर चुका है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होते ही आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *