Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा से पहले डीजे कारोबार में आई रौनक, पिछले साल से ज्यादा एडवांस बुकिंग से व्यापारी उत्साहित

Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा से पहले डीजे कारोबार में आई रौनक, पिछले साल से ज्यादा एडवांस बुकिंग से व्यापारी उत्साहित
Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा से पहले डीजे कारोबार में आई रौनक, पिछले साल से ज्यादा एडवांस बुकिंग से व्यापारी उत्साहित

मुरादाबाद। 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लाकर अपनेअपने क्षेत्रों के शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा से पहले ही मुरादाबाद में डीजे, लाइट और साउंड सिस्टम का कारोबार रफ्तार पकड़ चुका है, जिससे कारोबारियों में उत्साह का माहौल है।

व्यापारियों के अनुसार, पिछले वर्षों की तुलना में इस बार एडवांस बुकिंग अधिक मिल रही है। कांवड़ समितियां और श्रद्धालु पहले से ही डीजे, साउंड सिस्टम और अन्य व्यवस्थाओं के लिए बुकिंग करा रहे हैं।

बढ़ी हाईपावर डीजे और साउंड सिस्टम की मांग

लाइनपार स्थित नितिन लाइट एंड साउंड के संचालक नितिन ने बताया कि इस बार कारोबार पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर चल रहा है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के सीजन में करीब दो लाख रुपये तक का मुनाफा होने की उम्मीद रहती है।

उनके मुताबिक, बड़े डीजे सेटअप और हाईपावर साउंड टावर की मांग लगातार बढ़ रही है। स्थानीय उपकरणों के अलावा दिल्ली और अन्य शहरों से भी बड़े डीजे सेटअप मंगाए जा रहे हैं, जो कांवड़ यात्रा के दौरान आकर्षण का केंद्र बनते हैं। शिवभक्त भक्ति गीतों की धुन पर उत्साह के साथ अपनी यात्रा पूरी करते हैं। उनका मानना है कि इस बार कांवड़ यात्रा का आयोजन और भी भव्य हो सकता है।

कांवड़ यात्रा के बाद भी जारी रहता है कारोबार

कारोबारी नितिन ने बताया कि कांवड़ यात्रा के बाद गणेश उत्सव, प्रतिमा विसर्जन, नवरात्रि और अन्य धार्मिक आयोजनों में भी डीजे, लाइट और साउंड सिस्टम की मांग बनी रहती है। इसके बाद शादीविवाह के सीजन में बड़े साउंड सिस्टम और टावर की बुकिंग अपने चरम पर पहुंच जाती है।

पिछले साल से ज्यादा हुई एडवांस बुकिंग

डीजे आरके तूफान के संचालक तुषार ने बताया कि सावन के दौरान हर वर्ष डीजे की मांग बढ़ जाती है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले साल इस सीजन में करीब 1.35 लाख रुपये की बुकिंग हुई थी, जबकि इस बार अब तक 1.50 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।

तुषार के अनुसार, इस बार कांवड़ समितियां पहले से अधिक सक्रिय हैं और यात्रा से जुड़ी तैयारियां समय रहते पूरी कर रही हैं। लगातार नए ऑर्डर मिल रहे हैं और आने वाले दिनों में बुकिंग का आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *