
हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र स्थित कछलियनपुरवा गांव में शनिवार शाम एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। 52 वर्षीय राजमिस्त्री लालपूत राठौर ने अपनी 50 वर्षीय पत्नी जनुका के पेट पर चाकू से कई वार किए और ईंट से चेहरे पर हमला कर उसकी जान ले ली। इसके बाद लालपूत ने घर के अंदर कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना का पता तब चला जब दंपती का 9 वर्षीय बेटा पुष्पेंद्र खेलकर घर लौटा। बरामदे में मां का शव और कमरे में पिता को फंदे से लटका देख उसने शोर मचाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
काम से लौटने के बाद चारपाई पर बैठी पत्नी से हुआ विवाद
कछलियनपुरवा गांव निवासी लालपूत राठौर शनिवार को रोज की तरह राजमिस्त्री के काम पर गए थे। शाम करीब 4:30 बजे जब वह घर लौटे तो बरामदे में चारपाई पर बैठी पत्नी जनुका से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर लालपूत ने पास रखे चाकू से पत्नी के पेट पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए और ईंट से चेहरे को कुचल दिया। गंभीर चोटें आने के कारण जनुका की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद लालपूत ने बरामदे के पीछे बने कमरे में जाकर फांसी लगा ली।
9 साल के बेटे ने सबसे पहले देखा शव
घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद जब दंपती का छोटा बेटा पुष्पेंद्र (9) खेलकर घर पहुंचा तो उसने बरामदे में मां को खून से लथपथ पड़ा देखा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने जब घर के अंदर जाकर देखा तो पीछे के कमरे में लालपूत का शव फंदे से लटका मिला।
करवा चौथ की रात भी हुआ था झगड़ा, चरित्र पर था शक
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि करवा चौथ की रात भी पूजा का सामान लाने को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों एक-दूसरे के चरित्र पर शक करते थे जिसके चलते घर में आए दिन विवाद होता रहता था।
दंपती के छह बेटे और दो बेटियां हैं। इनमें से दो बेटे अर्जुन (18) और पुष्पेंद्र (9) गांव में माता-पिता के साथ रहते थे जबकि बाकी छह बच्चे पानीपत और दिल्ली में रहकर काम करते हैं। रोज होने वाले झगड़ों की वजह से परिवार करीब 15 दिन पहले ही गांव के पुराने घर को छोड़कर बाहरी हिस्से में बने दूसरे मकान में शिफ्ट हुआ था।
शराब के नशे के एंगल से भी जांच कर रही पुलिस
सूचना मिलने पर सीओ शाहाबाद संतोष कुमार सिंह और पाली थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ संतोष सिंह ने बताया कि पूछताछ में लालपूत के शराब पीने का आदी होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि घटना के समय आरोपी नशे में था या नहीं। फिलहाल दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।