अंधविश्वास में इंसानियत की सारी हदें पार, पुजारी पर जादू-टोने का शक कर की हत्या, पोते की मौत का बदला लेने के लिए काटी जीभ

अंधविश्वास में इंसानियत की सारी हदें पार, पुजारी पर जादू-टोने का शक कर की हत्या, पोते की मौत का बदला लेने के लिए काटी जीभ
Featured Image

Katihar News: बिहार के कटिहार जिले से अंधविश्वास और बदले की आग में अंजाम दी गई एक खौफनाक वारदात सामने आई है. आजमनगर थाना क्षेत्र में 2 नवंबर को हुए पुजारी हीरालाल मंडल हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने गांव के ही 65 वर्षीय अनंतलाल मंडल को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि करीब एक साल पहले अपने छह महीने के पोते की हुई मौत के लिए अनंतलाल पुजारी को जिम्मेदार मानता था. इसी अंधविश्वास के चलते उसने अपने बेटों के साथ मिलकर पहले पुजारी का गला घोंटा, फिर चाकू से गोदा, तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर उनकी जीभ काट दी और शव को पेड़ से लटका दिया.

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब एक साल पहले आरोपी अनंतलाल मंडल के 6 महीने के पोते की मौत हो गई थी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। अनंतलाल के मन में यह अंधविश्वास घर कर गया था कि पुजारी हीरालाल मंडल ने जादू-टोना करके उसके पोते की जान ली है. कटिहार के DSP मंगलेश कुमार के अनुसार, अनंतलाल ने अपने दो बेटों रिंकू मंडल और शंभू मंडल के साथ मिलकर पुजारी की हत्या की पूरी योजना बनाई.

गला घोंटा, चाकू मारा, जीभ काटी और पेड़ से लटकाया शव

2 नवंबर को आजमनगर के खरसोता गांव में साजिश के तहत पुजारी हीरालाल मंडल पर हमला किया गया. पहले उनका गला घोंटा गया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने कथित तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर पुजारी की जीभ काट दी. इसके बाद घटना को भयावह रूप देने और आत्महत्या जैसा दिखाने के इरादे से शव को पेड़ से लटका दिया.

मुख्य आरोपी अनंतलाल गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल चाकू व रुद्राक्ष माला बरामद

घटना के बाद गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए 65 वर्षीय अनंतलाल मंडल को दबोच लिया. पुलिस का दावा है कि कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और मृतक पुजारी की टूटी हुई रुद्राक्ष की माला बरामद कर ली है. मामले में शामिल अनंतलाल के बेटों (रिंकू व शंभू मंडल) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *