परिवार में मचा हड़कंप, 6 बच्चों की मां पर ससुर के साथ भागने का आरोप, थाने में बच्चे रोते रहे और महिला ने लौटने से कर दिया मना

परिवार में मचा हड़कंप, 6 बच्चों की मां पर ससुर के साथ भागने का आरोप, थाने में बच्चे रोते रहे और महिला ने लौटने से कर दिया मना

Featured Image

मैनपुरी : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 6 बच्चों की मां अपने ही रिश्ते के ममिया ससुर के साथ घर छोड़कर चली गई है। पति की शिकायत पर पुलिस ने काफी तलाश के बाद महिला को ढूंढ निकाला लेकिन थाने पहुंचने के बाद भी वह अपने पति और बच्चों के पास वापस लौटने को तैयार नहीं हुई। बच्चों के आंसू और मिन्नतें भी महिला का फैसला नहीं बदल सकीं जिसके बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया है।

फोन पर लंबी बातचीत के बाद ममिया ससुर से हुआ प्यार

यह मामला मैनपुरी कस्बा क्षेत्र के एक गांव का है। जानकारी के मुताबिक गांव की रहने वाली महिला की शाहजहांपुर जिले के कूंटा गांव निवासी एक युवक से बातचीत होती थी जो रिश्ते में उसका ममिया ससुर लगता है।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच घंटों होने वाली लंबी बातचीत धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। इसके बाद दोनों ने साथ रहने का प्लान बना लिया और बीती 15 अगस्त को महिला अचानक अपने घर से गायब हो गई।

थाने में आंचल पकड़कर रोते रहे बच्चे, पर नहीं पसीजा माँ का दिल

पत्नी के अचानक लापता होने के बाद पीड़ित पति ने हर मुमकिन जगह पर उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पति ने कोतवाली पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने छानबीन करते हुए महिला और उसके प्रेमी को बरामद कर लिया और दोनों को थाने ले आई।

गुरुवार को जब महिला के मिलने की खबर पर पति और उसके बच्चे थाने पहुंचे तो वहां मौजूद हर शख्स यह मंजर देखकर दंग रह गया। मासूम बच्चे अपनी मां का आंचल पकड़कर फफक-फफक कर रोते रहे और घर वापस चलने की गुहार लगाते रहे। सभी को उम्मीद थी कि बच्चों के आंसू देखकर मां का दिल पिघल जाएगा लेकिन महिला टस से मस नहीं हुई।

‘अब वापस नहीं आऊंगी’, पुलिस ने कोर्ट में किया पेश

महिला ने पति और बच्चों की हर फर्याद को ठुकराते हुए कह दिया कि वह अब वापस घर नहीं जाएगी और अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी। महिला की इस जिद के आगे परिवार की सारी उम्मीदें टूट गईं और पुलिस भी बेबस नजर आई। आखिरकार पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए महिला को अदालत में पेश कर दिया है, जहां उसके बयानों के आधार पर आगे का फैसला होगा।

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *