बच्चों की जान लेने की धमकी देकर मां के साथ गैंगरेप का आरोप, थाने में शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, अब SSP से न्याय की मांग कर रही महिला

बच्चों की जान लेने की धमकी देकर मां के साथ गैंगरेप का आरोप, थाने में शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, अब SSP से न्याय की मांग कर रही महिला
Featured Image

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक महिला ने गांव के तीन लोगों पर अपने ही घर में गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी घर में घुसे और उसके दोनों बच्चों को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। बच्चों को गोली मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस से शिकायत करने पर बच्चों की हत्या करने की धमकी भी दी। हैरानी की बात यह है कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद महिला को मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस चौकी और थाने के चक्कर लगाने पड़े। गांव की पंचायत में भी उस पर समझौते का दबाव बनाया गया। आखिरकार मेरठ के एसएसपी से शिकायत के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।

बच्चों को गोली मारने की धमकी देकर गैंगरेप का आरोप

मामला मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। महिला के मुताबिक उसका पति मेरठ से बाहर रहकर नौकरी करता है। वह अपने दो बच्चों के साथ घर पर रहती है। आरोप है कि 2 अक्टूबर को उसी गांव के तीन लोग महिला के घर में घुस आए।

तीनों ने तमंचे के बल पर बच्चों को बंधक बना लिया और उन्हें गोली मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि बच्चों की जान का डर दिखाकर तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इस दौरान महिला ने विरोध भी किया लेकिन आरोपी उसे धमकाते रहे। महिला के मुताबिक जाते वक्त आरोपियों ने धमकी दी कि अगर पुलिस से शिकायत की तो उसके बच्चों को जान से मार देंगे।

गांव की पंचायत में पहुंचा मामला, समझौते का दबाव बनाने का आरोप

घटना के अगले दिन यानी 3 अक्टूबर को महिला ने अपने परिवार के लोगों को पूरी बात बताई। इसके बाद मामला गांव की बिरादरी की पंचायत तक पहुंच गया। महिला का आरोप है कि पंचायत में उसे इंसाफ दिलाने के बजाय मामला गांव में ही खत्म करने की कोशिश हुई। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की जगह उन लोगों को माफ करने और समझौता करने का दबाव बनाया गया। लेकिन महिला आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चाहती थी। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ पुलिस के पास पहुंची।

चौकी और थाने में नहीं हुई सुनवाई, SSP से लगानी पड़ी गुहार

महिला ने पुलिस चौकी और किठौर थाने में शिकायत की लेकिन उसके मुताबिक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। आरोप है कि बिरादरी के कुछ लोग वहां भी पहुंच गए और मामला दबाने की कोशिश करने लगे।

जब स्थानीय पुलिस से कार्रवाई नहीं हुई तो महिला ने 17 अक्टूबर को मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति से शिकायत की। इसके बाद मामले की गोपनीय जांच कराई गई।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती जांच के बाद किठौर थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस

एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, 5 नवंबर की रात तक सामने आई रिपोर्ट में किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई थी। इस मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। महिला का आरोप है कि उसने पहले ही चौकी और थाने में शिकायत दी थी लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।

एसपी देहात बोले- मुकदमा दर्ज, जांच जारी

मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *