
उरई (जालौन): बच्चों में मोबाइल फोन की बढ़ती लत किस कदर जानलेवा साबित हो रही है इसका एक बेहद दर्दनाक मामला उत्तर प्रदेश के उरई से सामने आया है। यहां कुठौंद थाना क्षेत्र में मोबाइल पर वीडियो देखने को लेकर बड़ी बहन से हुई मामूली कहासुनी के बाद 7 साल के एक मासूम बच्चे ने जान दे दी। बहन ने खेल-खेल में भाई के हाथ से मोबाइल छीन लिया था, जिससे नाराज होकर बच्चे ने यह कदम उठा लिया। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
कमरे में खेलते वक्त मोबाइल को लेकर हुआ विवाद
यह घटना कुठौंद क्षेत्र के डगरू का पुरवा गांव की है। गांव के रहने वाले सोनू सिंह खेती-किसानी के साथ मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी संगीता, 9 साल की बेटी और 7 साल का बेटा साथ रहते थे।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह दोनों भाई-बहन घर के कमरे में खेल रहे थे। इसी दौरान 7 वर्षीय बेटे ने पिता का मोबाइल फोन उठा लिया और उस पर वीडियो देखने लगा। तभी उसकी 9 साल की बड़ी बहन वहां आई और भाई के हाथ से मोबाइल छीनकर कमरे से बाहर भाग गई।
बहन वापस कमरे में लौटी तो निकल गई चीख
मोबाइल छीने जाने से 7 साल का मासूम इस कदर गुस्सा और परेशान हो गया कि उसने कमरे के अंदर ही आत्मघाती कदम उठा लिया। कुछ देर बाद जब उसकी बहन वापस कमरे में पहुंची, तो भाई की हालत देखकर उसकी चीख निकल गई।
बच्ची की आवाज सुनकर माता-पिता और आसपास के लोग तुरंत कमरे की तरफ दौड़े। परिजन बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही कुठौंद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।