बच्चों को बाहर भेजकर पत्नी पर किया जानलेवा हमला, अवैध संबंध का था शक, गला रेतने के बाद पति ने भी उठाया खौफनाक कदम

बच्चों को बाहर भेजकर पत्नी पर किया जानलेवा हमला, अवैध संबंध का था शक, गला रेतने के बाद पति ने भी उठाया खौफनाक कदम
Featured Image

इंदौर |09 नवंबर 2026| इंदौर के राऊ इलाके की साईं विहार कॉलोनी में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रीवा के रहने वाले पवन सोनी ने अपनी पत्नी वर्षा की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फंदे पर झूलकर जान दे दी। यह खौफनाक कदम उठाने से ठीक पहले उसने अपने 15 साल के बेटे और 7 साल की बेटी को खेलने के बहाने घर से बाहर भेज दिया था। शाम को जब दोनों बच्चे घर लौटे और मां को बिस्तर पर खून से लथपथ और पिता को फंदे पर लटका देखा, तो उनकी चीख निकल गई।

बच्चों को भेजा बाहर

पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, पवन सोनी किराए के मकान में रहकर पराठे बेचने का काम करता था। घटना वाले दिन उसने प्लानिंग के तहत अपने दोनों मासूम बच्चों को घर से दूर भेज दिया, ताकि रास्ते में कोई रुकावट न आए। जब शाम को बच्चे खेलते-खेलते घर वापस आए, तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। माता-पिता की ऐसी हालत देखकर बच्चे बुरी तरह घबरा गए और रोते-बिलखते हुए पड़ोसियों को बुलाया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

अवैध संबंधों का शक और कॉल रिकॉर्डिंग

प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पवन को अपनी पत्नी वर्षा के किसी अन्य युवक से फोन पर बात करने को लेकर शक था। चर्चा है कि कुछ समय पहले पवन ने ही वेल्डिंग के काम के लिए उस युवक को घर बुलाया था, जिसके बाद से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थी। पवन ने अपने कुछ साथियों से यह भी जिक्र किया था कि उसकी पत्नी उस युवक के साथ मिलकर उसे और बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश रच रही है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं, उसके पास इस बात से जुड़ी कुछ कॉल रिकॉर्डिंग होने की भी बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सच्चाई का पता लगाने के लिए पवन के मोबाइल को जब्त कर उसकी कॉल डिटेल और रिकॉर्डिंग की बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *