NPS Pension Calculation: नौकरी करने वाले हर इंसान को एक ही डर सताता है कि जब बुढ़ापा आएगा और शरीर जवाब दे देगा, तब घर का खर्च कैसे चलेगा? इसी टेंशन को दूर करने के लिए नेशनल पेंशन सिस्टम एक शानदार तरीका है. अगर आप सही समय पर इसमें थोड़ाथोड़ा पैसा जमा करना शुरू कर दें, तो रिटायरमेंट के बाद आपको हर महीने 44 हजार रुपये से भी ज्यादा की पेंशन मिल सकती है. साथ ही, 60 की उम्र में आपके हाथ में 1 करोड़ रुपये से ज्यादा इकट्ठा पैसा भी होगा. आइए, इसका पूरा गणित समझते हैं.

60 साल के बाद पैसा कैसे मिलता है?
एनपीएस का नियम बहुत सीधा और आसान है. आप नौकरी के दौरान जो भी पैसा इसमें जमा करते हैं, 60 साल का होने पर वह दो हिस्सों में बंट जाता है. पहला हिस्सा आपको सीधे कैश के रूप में एक साथ मिल जाता है. बाकी बचे 40 प्रतिशत पैसे से आपके लिए ‘एन्युटी’ खरीदी जाती है. आसान शब्दों में कहें तो इसी 40 फीसदी हिस्से से हर महीने आपकी पेंशन तय होती है. इस पूरे हिसाब को समझाने के लिए हमने मान लिया है कि आपके जमा पैसे पर करीब 10% का रिटर्न मिलेगा और पेंशन वाले हिस्से पर 7% का ब्याज मिलेगा. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। हालांकि, NPS एक मार्केटलिंक्ड स्कीम है. इसमें कोई तय ब्याज दर या गारंटीड रिटर्न नहीं मिलता. रिटर्न शेयर बाजार के प्रदर्शन के हिसाब से कम या ज्यादा हो सकता है.
25 की उम्र में शुरुआत करने का जादू
पैसा बचाने का सबसे बड़ा नियम यही है कि जितनी जल्दी शुरू करेंगे, उतना ज्यादा फायदा होगा. अगर कोई 25 साल का युवा हर महीने एनपीएस में सिर्फ 5,000 रुपये जमा करना शुरू करे, तो 60 साल की उम्र तक उसके पास करीब 1.90 करोड़ रुपये का भारीभरकम फंड बन जाएगा. इसमें से उसे 1.14 करोड़ रुपये तो एक साथ मिल जाएंगे और बाकी पैसों से करीब 44,300 रुपये हर महीने पेंशन मिलने लगेगी. अगर कोई सिर्फ 2,000 रुपये महीना भी जमा करे, तो भी उसे बुढ़ापे में 17,700 रुपये की पेंशन आराम से मिल जाएगी. वहीं 10,000 रुपये महीना जमा करने वालों की पेंशन 88,700 रुपये तक पहुंच सकती है.
उम्र बढ़ने के साथ कैसे कम हो जाती है पेंशन?
जैसेजैसे उम्र बढ़ती है, आपके पास पैसा इकट्ठा करने का समय कम होता जाता है. मान लीजिए आपने 25 के बजाय 30 साल की उम्र में हर महीने 5,000 रुपये जमा करना शुरू किया. तब 60 की उम्र तक आपका फंड 1.13 करोड़ रुपये बनेगा. इसमें आपको 67.8 लाख रुपये कैश मिलेंगे और पेंशन करीब 26,300 रुपये महीना बनेगी.
लेकिन अगर आप 35 साल की उम्र में निवेश शुरू करते हैं, तो यही 5,000 रुपये महीना आपको केवल 65 लाख रुपये का फंड देगा. तब एकमुश्त रकम 39 लाख रह जाएगी और पेंशन सिर्फ 15,200 रुपये महीना मिलेगी. यानी सिर्फ 10 साल की देरी से आपकी पेंशन आधी से भी कम हो जाती है.
इसमें कौनकौन खाता खुलवा सकता है?
एनपीएस में 18 से 70 साल का कोई भी भारतीय अपना खाता खुलवा सकता है. चाहे आप सरकारी नौकरी में हों, किसी प्राइवेट कंपनी में काम करते हों, अपना कोई बिजनेस करते हों या फ्रीलांसर हों, यह योजना सबके लिए है. अगर आप केंद्र सरकार के कर्मचारी हैं, तो सरकार भी आपके खाते में अपनी तरफ से पैसा डालती है. आप अपनी जेब और सहूलियत के हिसाब से हर महीने, हर तीन महीने या साल में एक बार भी इसमें पैसा जमा कर सकते हैं.