Quick Samachar: इस हफ्ते अगर सिनेमा हॉल जाने का समय न मिले तो भी चिंता की बात नहीं, क्योंकि इस वीक डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कहानियों का पूरा खजाना खुलने वाला है। कहीं रहस्य और रोमांच दर्शकों को बांधे रखेगा, तो कहीं प्यार, बदले और रिश्तों की उलझी दास्तानें दिल छू जाएंगी। लंबे समय से चर्चा में बनी कुछ फिल्में और वेब सीरीज अब ओटीटी पर दस्तक देने को तैयार हैं, जिनका इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे थे। चलिए आपको बताते हैं कि इस वीकेंड किनकिन मूवीज और शो को आप अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

दृश्यम 3

सिनेमाघरों में जबरदस्त कलेक्शन करने के बाद अब मलयालम क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। इसमें मोहनलाल मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म में ‘जॉर्जकुट्टी’ अपने परिवार को बचाते हुए नजर आता है। उसे हर पल यह डर रहता है कि कहीं वरुण की हत्या से जुड़े राज न सामने आ जाएं। ऐसे में अगर आप तब यह मूवी देखने से चूक गए थे, तो अब इसे 18 जून को प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

ठुकरा के मेरा प्यार सीजन 2

इस रोमांटिक वेब सीरीज के पहले सीजन को लोगों ने काफी पसंद किया था और अब मेकर्स इसका दूसरा सीजन लेकर लौट रहे हैं। इस बार कहानी शनविका और कुलदीप की स्टोरी को आगे बढ़ाएगी। जिनकी जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है। राजनीति और बदले की आग से भरे संघर्ष में दोनों एकदूसरे के खिलाफ खड़े नजर आएंगे और नई चुनौतियों का सामना करेंगे। यह 19 जून को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है।

अथिराडी

इस लिस्ट में एक और मलयालम फिल्म है, जिसका नाम ‘अथिराडी’ है। इसमें टोविनो थॉमस और बेसिल जोसेफ मुख्य भूमिकाओं में हैं और यह कॉलेज बेस्ड कॉमेडीड्रामा मूवी है। सिनेमाघरों से हटने के बाद अब यह मूवी 19 जून को ओटीटी पर आ रही है, जिसे सोनी लिव पर देखा जा सकता है।

सेव द टाइगर्स 3

तेलुगु कॉमेडी सीरीज ‘सेव द टाइगर्स’ के दो सीजन आ चुके हैं और अब इसका तीसरा सीजन 19 जून को आने वाला है। नए सीजन में भी तीन परेशान पतियों की मजेदार और उथलपुथल भरी लाइफ दिखाई जाएगी, जो अपनी शादीशुदा जिंदगी की मुश्किलों से जूझ रहे हैं। इसे जियो हॉट स्टार पर देखा जा सकता है।

अब होगा हिसाब

शहीर शेख, संजय कपूर और मौनी रॉय की आने वाली वेब सीरीज ‘अब होगा हिसाब’ एक बदले और धोखे पर आधारित ड्रामा कहानी है। यह सीरीज 18 जून को अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रही है। इसके अलावा इसे प्राइम वीडियो, जियो टीवी और एयरटेल एक्स स्ट्रीम पर भी देखा जा सकता है। इसकी कहानी पंजाब के रहने वाले दो भाइयों बॉबी और बंटी के इर्दगिर्द घूमते हुए नजर आएगी। बड़ा भाई बॉबी अपने छोटे भाई बंटी के अच्छे भविष्य के लिए दिनरात मेहनत करता है और उसे विदेश भेजना चाहता है।