Raebareli News : जर्जर छज्जा टूटने से महिला की मौत, दूसरी मंजिल से गिरकर गई जान

Raebareli News : जर्जर छज्जा टूटने से महिला की मौत, दूसरी मंजिल से गिरकर गई जान
Raebareli News : जर्जर छज्जा टूटने से महिला की मौत, दूसरी मंजिल से गिरकर गई जान

रायबरेली,अमृत विचार। नगर के अंबेडकर मार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जर्जर मकान का छज्जा अचानक टूटकर गिरने से महिला दूसरी मंजिल से सड़क पर आ गिरी। गंभीर रूप से घायल महिला ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

बेटे को आवाज देने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, नगर के अंबेडकर मार्ग निवासी दयाशंकर सोनी की पत्नी सुमन देवी बुधवार रात करीब 10 बजे मकान की दूसरी मंजिल पर खड़ी होकर अपने बेटे शिवांशु सोनी को भोजन के लिए आवाज दे रही थीं। इसी दौरान मकान का पुराना और जर्जर छज्जा अचानक टूट गया, जिससे सुमन देवी छज्जे के मलबे के साथ सड़क पर जा गिरीं।

गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तत्काल लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अमल पटेल ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात सुमन देवी की मौत हो गई।

परिवार में मचा कोहराम

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, उनका मुख्य घर जर्जर मकान से पीछे की ओर जुड़ा हुआ था, लेकिन बेटे को बुलाने के लिए वह सड़क की ओर बने पुराने हिस्से में चली गई थीं। जैसे ही वह छज्जे पर खड़ी होकर बेटे को आवाज देने लगीं, तभी छज्जा टूट गया और वह नीचे गिर गईं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।

जर्जर मकानों की सुरक्षा पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मकान काफी पुराना और जर्जर स्थिति में था। घटना के बाद नगर में पुराने और जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे भवनों की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

ये भी पढ़ें : 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *