
शाहबाद, अमृत विचार। शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदगंज में बच्चों के विवाद में बीचबचाव के दौरान घायल हुए युवक की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार शाम दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सीओ कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। मृतक के भतीजे सुभाष पुत्र प्रेमपाल की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार 17 जुलाई की शाम करीब आठ बजे उसकी पत्नी कंचन और अनमोल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। वह दोनों को शांत कराने पहुंचा तो आरोप है कि कल्याण सिंह, रंजीत, सोनू और मोनू ने गालीगलौज करते हुए उसके साथ लाठीडंडों से मारपीट की। इसके कुछ देर बाद उसके चाचा मुलायम सिंह विवाद को शांत कराने और समझाने के उद्देश्य से आरोपियों के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद चारों आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और लाठीडंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें पहले मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मुलायम सिंह की मौत की सूचना मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। शाम को बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण सीओ कार्यालय पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए घेराव किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा देकर मामला शांत कराने में जुटी रही।