
रामपुर, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव बुधवार को रामपुर पहुंचे। यहां उन्होंने रामपुर जिला कारागार में बंद सपा के कद्दावर नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए शिवपाल और आजम की इस मुलाकात को सियासी तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है।
परिवार से मिले, जाना हालचाल
बुधवार सुबह करीब 10.45 बजे शिवपाल यादव जिला कारागार पहुंचे। जेल के बाहर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जेल में आजम खान से एक घंटे की बातचीत के बाद शिवपाल जेल रोड स्थित आजम खान के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने आजम खान की पत्नी व पूर्व सांसद तजीन फातिमा और बड़े बेटे अदीब आजम से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे, दिया हर संभव मदद का आश्वासन
आजम खान के घर पर करीब एक घंटा बिताने के बाद शिवपाल यादव सीधे जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जौहर विवि प्रशासन, कुलपति जहीरूद्दीन और छात्रों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। शिवपाल यादव ने मीडिया के सामने आजम खान से हुई बातचीत के पत्ते तो नहीं खोले, लेकिन जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन जरूर दिया। जौहर विवि से जुड़े मामलों और शिवपाल के दौरे की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सुरक्षा के मद्देनजर चप्पेचप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने बनाई दूरी, चर्चाओं का बाजार गर्म
शिवपाल यादव के इस हाईप्रोफाइल दौरे के दौरान रामपुर से सपा सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी नदारद रहे। दरअसल, आजम खान और उनके समर्थकों की नाराजगी के चलते सांसद नदवी इन दिनों रामपुर में राजनीतिक सक्रियता से दूरी बनाने को मजबूर हैं। गौरतलब है कि कुछ समय पहले जब सांसद नदवी जौहर विवि पहुंचे थे, तो उनके लिए गेट तक नहीं खोला गया था। इसके बाद से ही वह विधायक और सांसद प्रतिनिधिमंडल के दौरों से दूरी बनाए हुए हैं, जो कि राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इधर, सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर और नगराध्यक्ष आसिम राजा ने राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव का जिला कार्यालय पर भव्य स्वागत किया।
ये भी पढ़ें