
सुलतानपुर, अमृत विचार। लम्भुआ थाना क्षेत्र में चोरी के मामले का खुलासा कराने के नाम पर कथित तौर पर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। रुपये मांगने से जुड़ी बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पांच जुलाई की रात घर में हुई थी चोरी
मकसूदन गांव निवासी सुमन निषाद पत्नी रमेश निषाद के मुताबिक, पांच जुलाई की रात उनके घर में चोरी हुई थी। पीड़ित परिवार ने लम्भुआ थाने के साथ ही क्षेत्राधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी शिकायत की, लेकिन आरोप है कि मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी बीच गांव के ही एक युवक द्वारा चोरी का खुलासा कराने के नाम पर पीड़ित परिवार से कथित रूप से रुपये मांगने की बात सामने आई।
ऑडियो में रुपये मांगने का दावा
सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में कथित तौर पर रुपये मांगने को लेकर बातचीत और गालीगलौज सुनाई दे रही है। पीड़िता युवक से सवाल करती सुनाई दे रही हैं कि जिस व्यक्ति पर चोरी का शक था, उससे पुलिस ने घंटों पूछताछ की थी, लेकिन जब उसने कुछ नहीं बताया तो वह किस तरह चोरी का खुलासा करा सकता है। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक रुपये देने की बात करता सुनाई दे रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने लिया मामले का संज्ञान
ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। लम्भुआ कोतवाल धीरज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फर्जी तरीके से प्लेटफॉर्म तैयार करने जैसा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब वायरल ऑडियो और पूरे मामले की जांच कर रही है।