
लखनऊ। उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल दिवस के मौके पर केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित डॉ. एनडी शर्मा खेल अलंकरण समारोह में खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री और यूपी वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजेश पाठक ने किसान वॉलीबॉल प्रीमियर लीग की ट्रॉफी और टीशर्ट का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के हर गांव में वॉलीबॉल और नेट उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए गांवगांव तक खेल सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है।
अंडर16 चैंपियन खिलाड़ियों का सम्मान
समारोह में 46वीं राष्ट्रीय सब जूनियर बालक अंडर16 वॉलीबॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा खेल के क्षेत्र में विशेष योगदान और 72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के आयोजन के लिए वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, वाराणसी वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. अभिमन्यु सिंह और सचिव सर्वेश पाण्डेय को डॉ. एनडी शर्मा खेल सम्मान से नवाजा गया।
गांवगांव पहुंचेगा वॉलीबॉल और नेट
ब्रजेश पाठक ने कहा कि वॉलीबॉल सीधे तौर पर ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़ा खेल है। इसलिए अधिक से अधिक ग्रामीण खिलाड़ियों को इससे जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वॉलीबॉल एसोसिएशन की ओर से प्रदेश के हर गांव में वॉलीबॉल और नेट मुहैया कराया जाएगा। इसकी शुरुआत उन गांवों से होगी, जहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
किसान वॉलीबॉल प्रीमियर लीग से उभरेंगी ग्रामीण प्रतिभाएं
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान वॉलीबॉल प्रीमियर लीग के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों की नई खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलेगा। विशिष्ट अतिथि और खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि यह लीग ग्रामीण युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा सामने लाने का बेहतर अवसर साबित होगी।
खेल के बुनियादी ढांचे पर भी हुआ मंथन
कार्यक्रम के दौरान आयोजित वार्षिक साधारण सभा में प्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे, प्रशिक्षण व्यवस्था और प्रतिभा संवर्धन को लेकर चर्चा हुई। समारोह में यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय, यूपी भाजपा विधि प्रकोष्ठ के संयोजक सुशील मिश्रा, एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मो. इब्राहीम, उपाध्यक्ष वीएन मिश्रा और डीके शाही, संयुक्त सचिव संजय सिंह समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि मौजूद रहे।