वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में रविवार को मेजबान जिम्बाब्वे को 35 रन से हराया।

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में रविवार को मेजबान जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर क्लीन स्वीप किया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 192 रन बनाए थे।
जवाब में जिम्बाब्वे टीम तय ओवर में 7 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने पहली बार टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के हाथों शर्मनाक हार मिली थी।
भारत की खराब शुरुआत
पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। ब्लेसिंग मुजरबानी ने लगातार तीसरे मैच में अभिषेक शर्मा का शिकार किया। अभिषेक ने सीरीज में सिर्फ 11 रन बनाए। इसके साथ ही सलामी बल्लेबाज ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
T20I सीरीज में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सबसे कम रन
- 11 रन अभिषेक शर्मा बनाम जिम्बाब्वे *
- 14 रन श्रेयस अय्यर बनाम वेस्टइंडीज
- 15 रन हार्दिक पांड्या बनाम न्यूजीलैंड
- 15 रन केएल राहुल बनाम इंग्लैंड
- 17 रन दिनेश कार्तिक बनाम ऑस्ट्रेलिया
वैभव ने लगाया अर्धशतक
पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले ईशान किशन ने वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। ईशान आज लय में नजर नहीं आए और 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान श्रेयस अय्यर के बल्ले से भी 27 रन ही निकले। इस बीच वैभव ने 31 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। 15 साल के इस बैटर ने 8 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 49 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली।
इसके साथ ही वैभव ने इतिहास भी रच दिया। वह मेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 साल से पहले सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बैटर बन गए। वैभव ने नेपाल के कुशल मल्ला को पीछे छोड़ दिया है। मल्ला ने 1 बार यह काम किया था। वहीं वैभव अब तक 2 फिफ्टी लगा चुके हैं। पहले टी20 में वैभव ने 19 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली थी।
20वें ओवर की आखिरी गेंद पर रिंकू सिंह कैच आउट हुए। रिंकू ने 14 गेंदों पर 25 रन बनाए। वहीं तिलक वर्मा 9 गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे। ब्रैड इवांस के खाते में 2 विकेट आए।
पावरप्ले में 3 झटके लगे
193 रन चेज करने उतरी जिम्बाब्वे टीम को पावरप्ले में 3 झटके लगे। पहले ओवर की पहली गेंद पर ही मयंक यादव ने ब्रायन बेनेट का शिकार कर खास रिकॉर्ड बनाया। चौथे ओवर में यश ठाकुर ने जिम्बाब्वे को बैक टू बैक झटके दिए। उन्होंने चौथी गेंद पर डायोन मायर्स और 5वीं गेंद पर कप्तान सिकंदर रजा का शिकार किया।
T20I पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
- भुवनेश्वर कुमार
- मयंक यादव
- हार्दिक पांड्या
- अर्शदीप सिंह
- रविचंद्रन अश्विन
बेन करन के रूप में जिम्बाब्वे को चौथा झटका लगा। मयंक ने एक बार फिर भारतीय टीम की वापसी कराई। तेज गेंदबाज ने रयान बर्ल और वेस्ली मधेवेरे के बीच 50 गेंदों पर हुई 60 रनों की साझेदारी को तोड़ा। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मयंक ने वेस्ली का विकेट अपने नाम किया। वेस्ली ने 25 गेंदों पर 28 रन बनाए। विकेटकीपर तदिवानाशे मारुमनी सस्ते में आउट हुए।
आखिरी ओवर में ब्रैड इवांस कैच आउट हुए। रयान बर्ल 54 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से मयंक यादव ने 3 विकेट चटकाए। यश ठाकुर को 2 सफलताएं मिली। वहीं अशोक शर्मा और रवि बिश्नोई के खाते में 11 विकेट आया। वैभव सूर्यवंशी प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।