Quick Samachar: फिल्ममेकर विक्रम भट्ट ने YRF स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेललीड फिल्म ‘अल्फा’ के टीजर को लेकर आलिया भट्ट पर हो रही आलोचना और ट्रोलिंग का बचाव किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आलिया अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर कुछ नया करने की कोशिश कर रही हैं, तो उन्हें निशाना क्यों बनाया जा रहा है। विक्रम ने कहा कि कलाकारों को नए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, न कि ट्रोल किया जाना चाहिए।

‘एक हजार कमेंट्स के लिए 1 लाख रुपये’, फिल्म ‘अल्फा’ के लिए ट्रोल हुईं आलिया भट्ट, फिल्ममेकर विक्रम भट्ट ने किया बचाव​
‘एक हजार कमेंट्स के लिए 1 लाख रुपये’, फिल्म ‘अल्फा’ के लिए ट्रोल हुईं आलिया भट्ट, फिल्ममेकर विक्रम भट्ट ने किया बचाव​

उन्होंने न्यूज18 के साथ बात करते हुए एक इंटरव्यू में कहा, “आलिया भट्ट को क्यों ट्रोल किया जा रहा है? बेचारी, वह कुछ अलग करने की कोशिश कर रही हैं और इसके लिए उनकी तारीफ होनी चाहिए।”

विक्रम भट्ट ने शेयर किया अनुभव

अपने अनुभव का जिक्र करते हुए विक्रम भट्ट ने दावा किया कि उनकी हालिया फिल्म ‘हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट’ के ट्रेलर को भी पेड ट्रोलिंग कैंपेन का निशाना बनाया गया था। उस घटना को याद करते हुए फिल्ममेकर ने कहा, “हमें आनंद पंडित मोशन पिक्चर्स के यूट्यूब चैनल पर बहुत सारे बुरे कमेंट्स मिल रहे थे, लेकिन सारेगामा के यूट्यूब चैनल या इंस्टाग्राम पर नहीं। फिर हमें पता चला कि यह एक पेड कैंपेन था और बुरी बातें कहने वाले लोग बॉट्स थे। इसलिए हमें इस बात को समझना पड़ा। हम असली और नकली कमेंट्स में फर्क कर सकते हैं।”

ऑनलाइन नेगेटिविटी के मुद्दे पर बात करते हुए विक्रम भट्ट ने दर्शकों से कहा कि वे सोशल मीडिया पर आने वाले हर कमेंट पर तुरंत भरोसा न करें। विक्रम ने कहा, “हमें दर्शकों को यह बताना होगा कि वे जो भी बुरा कमेंट पढ़ते हैं, हो सकता है कि वह किसी बॉट, कंप्यूटर या किसी अनजान व्यक्ति ने किया हो। एक हजार कमेंट्स के लिए 1 लाख रुपये लगते हैं। मुझे नहीं पता कि यह पैसे कौन दे रहा है, लेकिन मुझे यकीन है कि हर किसी के दुश्मन होते हैं। आपको नहीं पता कि कौन सा ग्रुप ऐसा कर रहा है। लेकिन जाहिर है, कोई तो है जो आपका भला नहीं चाहता।”

बता दें कि शिव रवैल के निर्देशन और यश राज फिल्म्स के सहयोग से बनी ‘अल्फा’ स्पाई यूनिवर्स की फिल्मों में से एक है और यह आलिया भट्ट की पहली पूरी तरह से एक्शनप्रधान फ़्रैंचाइजी मूवी है।