खौफनाक वारदात : अम्बेडकरनगर में IPS अधिकारी की मां की हत्या, घर में हुई लूटपाट

खौफनाक वारदात : अम्बेडकरनगर में IPS अधिकारी की मां की हत्या, घर में हुई लूटपाट

अंबेडकरनग, अमृत विचार : मालीपुर थाना क्षेत्र के धमरूवा ग्राम पंचायत के मजरे रूढ़ा में रविवार को आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय मां इंद्रा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। वृद्धा का शव घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और शरीर पर चोट व खरोंच के निशान पाए गए। घर से सोने की चेन, कंगन, कुंडल, अंगूठी समेत अन्य आभूषण गायब मिलने से प्रथमदृष्टया लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार इंद्रा देवी घर में अकेली रहती थीं। स्वतंत्रता दिवस पर उनके पुत्र आईपीएस आशुतोष मिश्रा गांव पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मां के साथ संचालित विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और शाम को लखनऊ लौट गए थे।रविवार सुबह करीब नौ बजे घर में काम करने वाली प्यारी देवी वहां पहुंची। मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। दरवाजा खोलकर वह अंदर गई तो इंद्रा देवी तख्त पर नहीं मिलीं। तलाश करने पर वह हाल में लगे बेड पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। काफी प्रयास के बावजूद शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर प्यारी देवी ने पड़ोसी राम नायक को सूचना दी। राम नायक मौके पर पहुंचे और वृद्धा के मुंह से कपड़ा निकाला। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके बाद आसपास के लोगों ने घटना की सूचना आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा को दी।

दोपहर करीब एक बजे आशुतोष मिश्रा गांव पहुंचे। मां के शव को देखने के बाद उन्होंने शरीर पर सामान्य तौर पर पहने जाने वाले आभूषणों की जानकारी ली। इस दौरान सोने की चेन, कंगन, कुंडल, अंगूठी सहित अन्य आभूषण गायब मिले। उनके हाथ में इंजेक्शन लगाए जाने जैसा निशान तथा शरीर पर खरोंच के निशान भी पाए गए। परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया।

पुलिस के आला अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण 

 घटना की गंभीरता को देखते हुए मालीपुर थानाध्यक्ष शशांक शुक्ला, क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तेजवीर सिंह और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। शाम करीब छह बजे अयोध्या जोन के आईजी सोमेन वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर के अंदर के साथ ही छत और आसपास के स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।

फोरेंसिक और एसओजी टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, सर्विलांस और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह मामले की निगरानी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने शीघ्र घटना का खुलासा करने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *