Quick Samachar: DSP Died Due To Gun Shot: पंजाब के फगवाड़ा से मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक और सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां तैनात डीएसपी (DSP) योगेश कुमार की अपनी ही सरकारी रिवॉल्वर से गोली चलने के कारण मौत हो गई. यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे उस समय हुई, जब वो पुलिस स्टेशन सदर फगवाड़ा के पास स्थित अपने सरकारी क्वार्टर में मौजूद थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, DSP योगेश कुमार सुबह अपने सरकारी आवास पर अपनी सर्विस पिस्तौल की सफाई कर रहे थे.

इसी दौरान अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई, जो सीधे उनके सीने में जा लगी. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद पुलिस कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी तुरंत उनके क्वार्टर की ओर दौड़े, जहां उन्हें लहूलुहान हालत में पाया गया.
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद पुलिस मुलाजिमों ने उन्हें गंभीर हालत में जालंधर के जोहल अस्पताल पहुंचाया. यहां डॉक्टरों की एक टीम ने उन्हें बचाने की कोशिश की. लेकिन घाव इतना गहरा था कि उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. डीएसपी जैसे वरिष्ठ अधिकारी की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे पंजाब पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है.
हादसा या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
हालांकि. प्राथमिक जांच में इसे एक दुर्घटना माना जा रहा है. लेकिन पुलिस प्रशासन हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रहा है. फगवाड़ा की एसपी (SP) माधवी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या अधिकारी किसी मानसिक तनाव में थे. फिलहाल. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
(रिपोर्टर: दविंदर बस्सी, जालंधर)
💬 Comments (0)
Leave a Comment