Bahraich Leopard Attack: उत्तर प्रदेश में बहराइच में तेंदुए के हमले में एक 43 वर्षीय शख्स की मौत हो गई. ये घटना जिले के कतरनियाघाट इलाके के सुजौली थाना व वन रेंज के ग्राम पंचायत चफरिया के ओरी पुरवा की है. यहां सरयू नहर के किनारे फूंस की झोपड़ी में सो रहे जयराम पुत्र जमुना को तेंदुआ खींच ले गया. आज सुबह झोपड़ी से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में जयराम का अधखाया शव मिला. इसके बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है.

परिजनों ने बताया कि जयराम पत्नी की मौत के बाद से पिछले आठ वर्षों से नहर किनारे झोपड़ी बनाकर अकेला रहता था. उसके मातापिता और दो बड़े भाई दीपक व सुधीर गांव में रहते हैं. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वो रोजाना गांव में परिजनों से मिलने जाता था. आज सुबह जब वह घर नहीं पहुंचा, तो पिता जमुना उसको देखने झोपड़ी में गए. वहां टूटी चारपाई टूटी और बिखरा बिस्तर देखकर परिजनों ने जयराम की तलाश शुरू की. तलाश के दौरान पास के गन्ने के खेत में उसका क्षतविक्षत शव पड़ा मिला.
2 महीने पहले यहां तेंदुए ने ली थी महिला की जान
घटना के बाद वन विभाग की टीम के समय पर न पहुंचने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. गौरतलब है कि दो माह पहले भी इसी स्थान से महज 200 मीटर दूर तेंदुए ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली थी. लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है. वहीं डीएफओ कतर्नियाघाट अपूर्व दीक्षित ने बताया कि आज सुबह की घटना है. सुबह लगभग 9:30 बजे के आसपास हमें सूचना मिली.
मृतक के परिजनों को 10 हजार की आर्थिक सहायता
अपूर्व दीक्षित ने कहा कि हमें बताया गया कि एक जयराम नाम के शख्स की तेंदुए के हमले में दुखद मौत हो गई. इसके बाद हमारा स्टाफ मौके पर पहुंचा और तेंदुए के पैरों के निशान देखे. मृतक नहर के किनारे अकेला एक झोपड़ी में रह रहा था. वहां बहुत झाड़ियां थी. बगल में खेत में गन्ना लगा हुआ था. गन्ने के खेत में ही तेंदुआ छिपा होगा और शख्स पर हमला किया. मृतक के परिजनों को हमने 10 हजार की आर्थिक सहायता दी है. इसके अलावा जल्द ही कार्रवाई करके मृतक के परिजनों को मुआवजे की राशि दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा.
बहराइच से अनील तिवारी की रिपोर्ट